1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. योगी का बड़ा ऐलान, अगले सप्ताह 50 हजार युवाओं को मिलेगी नौकरी

योगी का बड़ा ऐलान, अगले सप्ताह 50 हजार युवाओं को मिलेगी नौकरी

सीएम योगी आदित्यनाथ ने यूपी में 1,594 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र बांटे। अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए 30 लाख नौकरियों के वादे पर सवाल उठाया।

By: Aparna Panwar  RNI News Network
Updated:
योगी का बड़ा ऐलान, अगले सप्ताह 50 हजार युवाओं को मिलेगी नौकरी

Uttar Pradesh News: लखनऊ में आज शुक्रवार, 27 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) के माध्यम से चयनित 1,594 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए। इनमें 201 लेखा परीक्षक और 1,393 सहायक लेखाकार शामिल हैं। इस दौरान सीएम योगी ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का दावा करते हुए कहा कि अब उत्तर प्रदेश में युवाओं को बिना सिफारिश और भ्रष्टाचार के योग्यता के आधार पर नौकरी मिल रही है।

अखिलेश यादव से पूछा- 30 लाख नौकरियां कहां से देंगे

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वह 30 लाख नियुक्ति पत्र देने की बात कर रहे हैं, लेकिन पहले यह बताएं कि चार बार सरकार में रहते हुए सपा ने कितने युवाओं को नौकरी दी। साथ ही, सीएम ने यह भी कहा कि सपा-बसपा के सात कार्यकाल में जितनी नियुक्तियां नहीं हुईं, उससे दोगुने से अधिक नियुक्तियां उनकी सरकार कर चुकी है।

योगी ने आरोप लगाया कि 2017 से पहले सरकारी नौकरी का विज्ञापन निकलते ही चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए सक्रिय हो जाती थी। उस समय योग्य युवाओं के साथ अन्याय होता था। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार में अब तक करीब पौने दस लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है।

अगले सप्ताह 50 हजार युवाओं को मिलेगी नौकरी

सीएम योगी ने कहा कि 1,594 नियुक्तियां अभी शुरुआत हैं। अगले सप्ताह 50 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की तैयारी है। इनमें करीब 8 हजार लेखपाल और 42 हजार होमगार्ड शामिल हैं। इसके अलावा शिक्षा सेवा चयन आयोग से चयनित लगभग दो हजार अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।

युवाओं को बनाया जा रहा आत्मनिर्भर

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश की अर्थव्यवस्था करीब 12.5 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। प्रति व्यक्ति आय में भी तीन गुना वृद्धि हुई है। उन्होंने युवाओं से ईमानदारी और मेरिट के आधार पर काम करने की अपील की।

योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश का युवा अब ब्रह्मोस मिसाइल और आधुनिक राइफल निर्माण जैसे रक्षा उत्पादन के क्षेत्रों में योगदान दे रहा है। नवनियुक्त अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वे प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

ये भी पढ़ें: यूपी पुलिस में बड़ा फेरबदल, 28 IPS अधिकारियों के तबादले

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...