1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस में सीटों को लेकर बढ़ी तकरार

यूपी चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस में सीटों को लेकर बढ़ी तकरार

यूपी चुनाव 2027 से पहले इमरान मसूद ने सपा से 105 से ज्यादा सीटों की मांग की। राहुल गांधी का हवाला देकर अखिलेश यादव की पार्टी पर साधा निशाना।

By: Aparna Panwar  RNI News Network
Updated:
यूपी चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस में सीटों को लेकर बढ़ी तकरार

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव (Uttar Pradesh Assembly Elections 2027) से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर खींचतान शुरू हो गई है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने गठबंधन में ज्यादा सीटों की मांग करते हुए सपा को साफ संदेश दिया है कि हर बार कांग्रेस ही समझौता नहीं करेगी। जिसमें उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा की जीत का श्रेय राहुल गांधी को देते हुए कहा कि गठबंधन में कांग्रेस का भी बड़ा योगदान रहा है। मसूद ने यह भी स्पष्ट किया कि कांग्रेस इस बार उत्तर प्रदेश में 105 से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। उनके इस बयान से दोनों दलों के बीच राजनीतिक हलचल बढ़ गई है।

राहुल गांधी की वजह से सपा को मिलीं 37 सीटें

इमरान मसूद ने सीट बंटवारे को लेकर कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को 37 सीटें जीतने में राहुल गांधी की भूमिका भी अहम रही थी। कांग्रेस ने गठबंधन में अपना योगदान दिया और कई जगह पार्टी ने उदारता दिखाई। मसूद ने सवाल उठाया कि क्या हर बार कांग्रेस को ही बड़ा दिल दिखाना होगा। साथ ही, उन्होंने सपा से भी सीटों के बंटवारे में उदारता दिखाने की अपील की है।

जीरो सीट देंगे तो नतीजा भी जीरो होगा

कांग्रेस सांसद ने सपा के सीट बंटवारे के रवैये पर नाराजगी जताते हुए कहा कि अगर कांग्रेस को शून्य सीटें दी जाएंगी तो नतीजा भी शून्य ही मिलेगा। उन्होंने कहा कि जिन सीटों पर कांग्रेस को कमजोर माना जा रहा है, वहां सपा खुद चुनाव लड़कर जीतकर दिखाए। उनके इस बयान को सपा पर दबाव बनाने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।

105 से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है कांग्रेस

इमरान मसूद ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस की मांग केवल 105 सीटों तक सीमित नहीं है। पार्टी इससे ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 2017 के विधानसभा चुनाव में भी 105 सीटों पर चुनाव लड़ा था। उस समय संगठन कमजोर था, लेकिन अब पार्टी की स्थिति पहले से बेहतर है।

खरगे की नसीहत के बाद भी जारी हैं बयान

इमरान मसूद के बयानों के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने लखनऊ में संविधान रक्षा सम्मेलन के दौरान पार्टी नेताओं को नसीहत दी थी। उन्होंने मसूद की सक्रियता का जिक्र करते हुए कहा था कि सार्वजनिक बयान देने के बजाय नेताओं को जमीन पर संगठन मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए। खरगे ने आपसी मतभेदों से बचने और विपक्षी एकता बनाए रखने की बात भी कही थी।

सपा के पांच उम्मीदवार घोषित करने से बढ़ी नाराजगी

सीट बंटवारे की बातचीत के बीच सपा ने बेहट, सहारनपुर, कैराना, अमरोहा और ललितपुर विधानसभा सीटों पर पांच उम्मीदवार घोषित किए थे। इस फैसले से कांग्रेस नेताओं में नाराजगी बढ़ी। अब दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर बातचीत महत्वपूर्ण हो गई है। अंतिम फैसला राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बीच चर्चा के बाद होने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें: जन भवन में युवाओं से मिलीं राज्यपाल, रोजगार पर हुई चर्चा

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...