Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 28 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। बता दें इस फेरबदल में कई जिलों के पुलिस कमिश्नर और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। वाराणसी, प्रयागराज, गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद जैसे महत्वपूर्ण जिलों में नए पुलिस कमिश्नर तैनात किए गए हैं। सरकार के इस फैसले को पुलिस प्रशासन में बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
तबादला लिस्ट के मुताबिक, वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल को प्रयागराज का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। वहीं, प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया को नई जिम्मेदारी देते हुए एडीजी स्थापना, पुलिस मुख्यालय लखनऊ भेजा गया है। इस बदलाव के बाद प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट की कमान मोहित अग्रवाल संभालेंगे।
सरकार ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दो महत्वपूर्ण पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद में भी बड़ा बदलाव किया है। गौतमबुद्धनगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद का पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। वहीं, गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ को गौतमबुद्धनगर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, इस बदलाव को नोएडा और गाजियाबाद पुलिस प्रशासन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जिसमें दोनों ही जिले दिल्ली-एनसीआर का हिस्सा हैं और यहां कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, अपराध नियंत्रण तथा औद्योगिक क्षेत्रों की सुरक्षा बड़ी प्राथमिकताएं हैं।
तबादला लिस्ट में जोन स्तर पर भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। एडीजी बरेली जोन रहे रहमत शर्मा को एडीजी लखनऊ जोन की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, लखनऊ जोन के एडीजी प्रवीण कुमार को बरेली जोन भेजा गया है।
सरकार के इस फैसले के बाद पुलिस विभाग (Police Department) में नई जिम्मेदारियों के साथ अधिकारियों की तैनाती होगी। कुल 28 आईपीएस अधिकारियों के तबादलों से प्रदेश के पुलिस प्रशासन में व्यापक बदलाव देखने को मिलेगा। अब नई तैनाती के बाद अधिकारियों के सामने कानून-व्यवस्था मजबूत करने, अपराध पर नियंत्रण रखने और पुलिस व्यवस्था को बेहतर बनाने की चुनौती होगी।
ये भी पढ़ें: जन भवन में युवाओं से मिलीं राज्यपाल, रोजगार पर हुई चर्चा