Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को सरकारी नौकरी (Government Jobs) के नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। बता दें लखनऊ में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) के माध्यम से चयनित 1,594 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि सरकारी नौकरी केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि जनता की सेवा करने की बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने सभी नवनियुक्त कर्मचारियों से ईमानदारी और पूरी निष्ठा के साथ काम करने की अपील की है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में समाजवादी पार्टी की पिछली सरकार पर निशाना साधा। जिसमें उन्होंने कहा कि उनकी सरकार जिस रफ्तार से युवाओं को नियुक्ति पत्र दे रही है, उसे सैफई सिंडिकेट गिन भी नहीं पाएगा। सपा पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि सैफई सिंडिकेट सिर्फ नोट गिनने के अलावा कुछ नहीं गिनता।
योगी ने सपा के 30 लाख युवाओं को नौकरी देने के दावे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जो लोग आज इतनी बड़ी संख्या में नौकरियां देने की बात कर रहे हैं, उन्हें अपने कार्यकाल का हिसाब भी देना चाहिए। मुख्यमंत्री ने पुरानी पेंशन योजना (OPS) के मुद्दे पर भी सपा को घेरा। उन्होंने दावा किया कि नई पेंशन योजना (NPS) वर्ष 2005 में समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान लागू की गई थी।
सीएम योगी ने पिछली सरकारों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले के मुख्यमंत्री नोएडा जाने से डरते थे। उन्हें अंधविश्वास था कि नोएडा जाने से उनकी कुर्सी चली जाएगी। उन्होंने कहा कि राम मंदिर का विरोध करना और नोएडा जाने से डरना एक खास सोच को दर्शाता है। योगी ने कहा, प्रभु से डरो, पाखंड से नहीं। मुख्यमंत्री ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा को उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण चेहरा बताया। उन्होंने कहा कि इन शहरों का प्रदेश के आर्थिक विकास में बड़ा योगदान है।
योगी आदित्यनाथ ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए दावा किया कि पिछले साढ़े नौ साल में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था तीन गुना हुई है। प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय और बजट में भी तीन गुना बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब विकास और आर्थिक प्रगति के नए रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।
ये भी पढ़ें: यूपी में रोजगार पर योगी का बड़ा दावा, विपक्ष पर लगाए आरोप