1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ग्रेटर नोएडा में प्रदूषण पर प्राधिकरण सख्त, 48 लाख का जुर्माना

ग्रेटर नोएडा में प्रदूषण पर प्राधिकरण सख्त, 48 लाख का जुर्माना

ग्रेटर नोएडा में प्रदूषण रोकने के लिए प्राधिकरण ने 11 हॉटस्पॉट पर निगरानी बढ़ाई। 36 निर्माणकर्ताओं को नोटिस और 48.10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया।

By: Aparna Panwar  RNI News Network
Updated:
ग्रेटर नोएडा में प्रदूषण पर प्राधिकरण सख्त, 48 लाख का जुर्माना

Uttar Pradesh News: शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण (Greater Noida Authority) ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। प्रदूषण के स्तर को कम करने और लोगों को साफ हवा उपलब्ध कराने के लिए शहर के 11 प्रमुख हॉटस्पॉट पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके साथ ही सड़कों से धूल हटाने, पानी का छिड़काव करने और निर्माण स्थलों पर प्रदूषण नियंत्रण के नियमों का पालन कराने के लिए कई स्तरों पर अभियान चलाया जा रहा है।

जानकारी के लिए बता दें ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. बलकार सिंह के निर्देश पर प्रदूषण नियंत्रण अभियान को प्रभावी बनाने के लिए चार वरिष्ठ प्रबंधकों को नोडल अधिकारी बनाया गया है। इन अधिकारियों को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें अपने निर्धारित क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करने और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।

107 वाटर टैंकर और 32 एंटी स्मॉग गन से छिड़काव

प्रदूषण कम करने के लिए प्राधिकरण की ओर से शहर में 107 वाटर टैंकर लगाए गए हैं। इसके अलावा 14 मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों से सड़कों की सफाई कराई जा रही है। वहीं, 32 नई एंटी स्मॉग गन के माध्यम से विभिन्न स्थानों पर पानी का छिड़काव किया जा रहा है। इसका उद्देश्य सड़कों और पेड़ों पर जमी धूल को हटाकर हवा में उड़ने वाले धूल के कणों को कम करना है।

36 निर्माणकर्ताओं को नोटिस, 48.10 लाख का जुर्माना

प्राधिकरण ने निर्माणाधीन परियोजनाओं पर भी सख्ती बढ़ा दी है। ग्रुप हाउसिंग और अन्य निर्माण स्थलों पर वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के दिशा-निर्देशों का पालन अनिवार्य किया गया है।

निर्माण सामग्री को ढककर रखने, निर्माण स्थलों पर धूल रोकने, पानी का छिड़काव करने और निर्माण एवं विध्वंस से निकलने वाले कचरे का उचित निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे में नियमों का उल्लंघन करने पर प्राधिकरण ने अब तक 36 निर्माणकर्ताओं को नोटिस जारी किए हैं। साथ ही विभिन्न उल्लंघनों के मामलों में कुल 48.10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। प्राधिकरण ने साफ किया है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

प्राधिकरण ने नागरिकों से की सहयोग की अपील

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के उप महाप्रबंधक विजय रावल ने कहा कि शहर में धूल और अन्य प्रदूषणकारी तत्वों पर नियंत्रण करना प्राधिकरण की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि कूड़ा इधर-उधर न फेंकें, उसे डस्टबिन में डालें और कूड़ा न जलाएं। इसके अलावा कहीं भी धूल उड़ती दिखाई देने पर प्राधिकरण को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

 ये भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा पहुंचे दक्षिण कोरिया के चार सांसद, निवेश पर हुई चर्चा

 

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...