1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यमुना प्राधिकरण की आय चार गुना बढ़ी, 12 फैसले पर लगी मुहर

यमुना प्राधिकरण की आय चार गुना बढ़ी, 12 फैसले पर लगी मुहर

यमुना प्राधिकरण की 94वीं बोर्ड बैठक में 12 बड़े फैसले लिए गए। आय चार गुना बढ़ी, किसानों को मुआवजा और आवासीय भूखंड आवंटियों को एक साल की राहत मिली। यहां पढ़ें खबर को लेकर पूरी जानकारी

By: Aparna Panwar  RNI News Network
Updated:
यमुना प्राधिकरण की आय चार गुना बढ़ी, 12 फैसले पर लगी मुहर

Uttar Pradesh News: यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) की 94वीं बोर्ड बैठक में औद्योगिक विकास, निवेश, किसानों और आवासीय भूखंडों से जुड़े 12 महत्वपूर्ण फैसलों पर मुहर लगाई गई। बता दें बैठक की अध्यक्षता अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त और यीडा अध्यक्ष आलोक कुमार ने की। इस दौरान मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने विभिन्न प्रस्ताव प्रस्तुत किए। बैठक में प्राधिकरण की आय में पिछले साल के मुकाबले करीब चार गुना वृद्धि दर्ज होने की जानकारी भी दी गई।

यीडा की आय में चार गुना बढ़ोतरी

जानकारी के लिए बता दें वित्तीय वर्ष 2026-27 में 30 अक्टूबर तक प्राधिकरण की कुल प्राप्तियां 7,071.48 करोड़ रुपये पहुंच गईं। वहीं, पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि में यह आंकड़ा 1,746.38 करोड़ रुपये था। वहीं, चालू वित्तीय वर्ष में भूमि अधिग्रहण के लिए निर्धारित 8,000 करोड़ रुपये के बजट में से 4,985.47 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। जेवर एयरपोर्ट परियोजना के लिए 565.15 करोड़ रुपये और निर्माण एवं विकास कार्यों पर 383 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

औद्योगिक निवेश को मिलेगा बढ़ावा

बोर्ड ने उत्तर प्रदेश निजी बिजनेस पार्क विकास योजना-2025 को मंजूरी दे दी है। इसके तहत यीडा संबंधित सेक्टरों को चिह्नित कर भूखंडों की योजना तैयार करेगा। इसके अलावा सेक्टर-4ए और 8ई में औद्योगिक इकाइयों के लिए किसानों से आपसी सहमति के आधार पर जमीन खरीदी जाएगी।

आवासीय भूखंड आवंटियों को बड़ी राहत

ऐसे में यीडा ने आवासीय भूखंडों पर भवन निर्माण शुरू करने की समयसीमा एक साल बढ़ा दी है। अब आवंटियों को 31 दिसंबर 2027 तक नि:शुल्क अतिरिक्त समय मिलेगा। पहले यह समयसीमा 31 दिसंबर 2026 निर्धारित थी। जमीन से जुड़े विवादों और विकास कार्यों में देरी को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।

सर्विस मास्टर प्लान-2041 का प्रस्तुतीकरण

बैठक में सर्विस मास्टर प्लान-2041 पेश किया गया। इसमें भविष्य की जरूरतों के अनुसार जलापूर्ति और सीवरेज व्यवस्था विकसित करने की योजना शामिल है। वहीं, आगरा अर्बन सेंटर की महायोजना-2041 की ड्राफ्ट रिपोर्ट को भी मंजूरी दी गई।

किसानों को मुआवजे का भुगतान

प्राधिकरण के मुताबिक, अब तक 14,281 किसानों के लिए 7 प्रतिशत आबादी भूखंड का प्रकाशन किया गया है। 11,229 किसानों को आरक्षण पत्र जारी हुए हैं। वहीं, 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त प्रतिकर के रूप में करीब 3,183.13 करोड़ रुपये किसानों को दिए जा चुके हैं। इसके अलावा जिकरपुर से टप्पल कट तक क्षतिग्रस्त मार्ग की मरम्मत, कचरा प्रबंधन, वायु प्रदूषण नियंत्रण और सरकारी संस्थानों की छतों पर सोलर प्लांट लगाने के प्रस्तावों को भी मंजूरी मिली है। इन फैसलों से यमुना सिटी में औद्योगिक निवेश, बुनियादी सुविधाओं और शहरी विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें: राजा भैया ने यूपी की तीन सीटों पर घोषित किए उम्मीदवार

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...