Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 (Uttar Pradesh Assembly Election 2027) को लेकर प्रदेश में सियासी हलचल शुरू हो गई है। बता दें एक तरफ समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर खींचतान जारी है, वहीं दूसरी ओर भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए (NDA) गठबंधन में भी सीटों को लेकर दबाव बढ़ने लगा है। भाजपा के सहयोगी दल आगामी चुनाव में ज्यादा सीटों की मांग कर रहे हैं। ऐसे में बीजेपी के सामने सभी सहयोगियों को साथ लेकर चलने और सीटों का बंटवारा करने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
जानकारी के लिए बता दें आगामी विधानसभा चुनाव (Upcoming Assembly Elections) को देखते हुए अपना दल (एस), राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी), सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) और निषाद पार्टी ने अपनी दावेदारी मजबूत करनी शुरू कर दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अपना दल (एस) 25 सीटें, आरएलडी 30, सुभासपा 25 और निषाद पार्टी 36 सीटों की मांग कर रही है। इन मांगों ने भाजपा की चुनावी रणनीति को चुनौतीपूर्ण बना दिया है।
निषाद पार्टी के अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद पहले ही कह चुके हैं कि 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा जिन 100 से ज्यादा सीटों पर हार गई थी, उनमें से सहयोगी दलों को 2027 में चुनाव लड़ने का मौका मिलना चाहिए।
बता दें पिछले विधानसभा चुनाव में अपना दल (एस) ने 17 सीटों पर चुनाव लड़कर 12 सीटें जीती थीं। वहीं निषाद पार्टी ने 10 सीटों में से छह पर जीत दर्ज की थी। दूसरी तरफ आरएलडी ने 33 सीटों पर चुनाव लड़कर आठ सीटें जीती थीं, जबकि सुभासपा को 19 में से छह सीटों पर सफलता मिली थी।
भाजपा के लिए सबसे बड़ी परेशानी पूर्वांचल में हो सकती है। इस क्षेत्र में निषाद पार्टी, सुभासपा और अपना दल (एस) का प्रभाव है। गोरखपुर, आजमगढ़, गाजीपुर, बलिया, जौनपुर और वाराणसी जैसे जिलों में इन दलों की राजनीतिक दावेदारी है। ऐसे में एक ही विधानसभा सीट पर कई सहयोगी दलों के दावे सामने आ सकते हैं।
इसी बीच चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने भी उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ने के संकेत दिए हैं। चिराग पासवान का कहना है कि गठबंधन नहीं होने की स्थिति में उनकी पार्टी सभी 403 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार उतार सकती है। अब देखना होगा कि भाजपा अपने सहयोगियों की मांगों को किस तरह पूरा करती है। 2027 के चुनाव से पहले एनडीए में सीटों का बंटवारा भाजपा के लिए बड़ी राजनीतिक परीक्षा साबित हो सकता है।
ये भी पढ़ें: अमेठी में SSR-2027 अभियान हुआ शुरू, DM ने दिए जरूरी निर्देश