1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. जालौन में शान से लहराया तिरंगा, स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों का हुआ सम्मान

जालौन में शान से लहराया तिरंगा, स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों का हुआ सम्मान

जालौन में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर डीएम राजेश कुमार पाण्डेय ने ध्वजारोहण कर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को सम्मानित किया गया। डीएम ने 2047 के आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी को जरूरी बताया।

By: Nivedita  RNI News Network
Updated:
जालौन में शान से लहराया तिरंगा, स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों का हुआ सम्मान

जालौन। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कैम्प कार्यालय और कलेक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रध्वज फहराया। इस दौरान अमर शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। ध्वजारोहण के बाद सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन हुआ और राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी गई।

स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों को किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृतियों को नमन करते हुए उनके आश्रितों को माला पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में सरस्वती देवी, गणेशी देवी, कौशल्या देवी और रामदेवी विद्यार्थी शामिल रहीं। डीएम ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों का त्याग और संघर्ष देश की आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।

2047 के आत्मनिर्भर भारत के लिए नागरिकों की भागीदारी जरूरी

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने जिलेवासियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों और शहीद परिवारों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं है, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का दिन भी है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रत्येक नागरिक को ईमानदारी और निष्ठा से अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।

अधिकारों के साथ कर्तव्यों का निर्वहन भी जरूरी

जिलाधिकारी ने कहा कि नागरिक सशक्तिकरण केवल अधिकारों की जानकारी रखने तक सीमित नहीं है। अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने से ही मजबूत और जिम्मेदार समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, कौशल, उद्यमिता और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया। साथ ही महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयासों की आवश्यकता बताई।

किसान, युवा, महिला और स्वास्थ्य-शिक्षा पर फोकस

डीएम ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही मजबूत समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव रखता है। जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। जिले में किसानों की आय बढ़ाने, युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने, महिला सशक्तिकरण तथा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।

विकास परियोजनाओं से बदल रही जालौन की तस्वीर

जिलाधिकारी ने कहा कि बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, बेहतर सड़क नेटवर्क, जालौन-झांसी लिंक एक्सप्रेसवे और औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार जैसी परियोजनाएं जिले के विकास को नई गति दे रही हैं। उन्होंने कहा कि विकास लगातार चलने वाली प्रक्रिया है और जालौन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रशासन के साथ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है।

अधिकारियों ने भी नागरिकों से की सहभागिता की अपील

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव राज ने कहा कि स्वतंत्रता का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब नागरिक आर्थिक, सामाजिक और शैक्षिक रूप से सक्षम बनकर आत्मनिर्भर हों। उन्होंने लोगों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी न्यायिक रिंकू सिंह राही ने भी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आजादी हमें अधिकारों के साथ जिम्मेदारियों का एहसास कराती है। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से प्रेरणा लेकर देश की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए कार्य करने का संदेश दिया।

समारोह में अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे प्रेमचंद मौर्य, अपर जिलाधिकारी न्यायिक योगेंद्र यादव, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट कुमार संजय सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

 

रिपोर्ट – रविकांत द्विवेदी 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...