1. हिन्दी समाचार
  2. नोएडा
  3. ग्रेटर नोएडा युवा उत्सव में युवाओं ने दिखाया हुनर, विजेता सम्मानित

ग्रेटर नोएडा युवा उत्सव में युवाओं ने दिखाया हुनर, विजेता सम्मानित

Greater Noida News:ग्रेटर नोएडा में जनपद स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन हुआ। पांच प्रतियोगिताओं में युवाओं ने प्रतिभा दिखाई। यहां जानिए किसने हासिल किया पहला स्थान।

By: Aparna Panwar  RNI News Network
Updated:
ग्रेटर नोएडा युवा उत्सव में युवाओं ने दिखाया हुनर, विजेता सम्मानित

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के सिरसा स्थित ऑक्सफोर्ड ग्रीन पब्लिक स्कूल (Oxford Green Public School) में जनपद स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया गया। इसमें जिले के कई स्कूलों, विश्वविद्यालयों और ग्रामीण क्षेत्रों से आए युवाओं ने पांच प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विजेता प्रतिभागी अब मंडल स्तरीय युवा उत्सव में जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे।

दीप प्रज्वलित कर मुख्य विकास अधिकारी ने किया शुभारंभ

गौतमबुद्धनगर में 13 नवंबर 2026 को विकसित भारत यंग लीडर कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन उत्साह और हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन ऑक्सफोर्ड ग्रीन पब्लिक स्कूल, सिरसा (ग्रेटर नोएडा) में हुआ। मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

बता दें इस अवसर पर नेहरू युवा केंद्र, माय भारत के उपनिदेशक शिवेंद्र सिंह, प्रभारी जिला युवा कल्याण अधिकारी अमृता चौधरी, विद्यालय की प्रबंध निदेशिका नूतन भाटी और प्रधानाचार्य वंदना शर्मा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

पांच प्रतियोगिताओं में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा

युवा उत्सव में युवाओं की रचनात्मकता और सांस्कृतिक प्रतिभा को मंच देने के लिए पांच प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें लोक नृत्य समूह, नुक्कड़ नाटक समूह, पेंटिंग, कविता लेखन और लोकगीत प्रतियोगिता शामिल रहीं। विभिन्न विद्यालयों, विश्वविद्यालयों और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे प्रतिभागियों ने अपनी कला और हुनर का शानदार प्रदर्शन किया।

यहां जानिए किस प्रतियोगिता में किसने हासिल किया पहला स्थान

प्रतियोगिताओं के परिणामों में नुक्कड़ नाटक समूह में शारदा यूनिवर्सिटी ने पहला और ऑक्सफोर्ड ग्रीन पब्लिक स्कूल, खेड़ा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। लोक नृत्य समूह में ऑक्सफोर्ड ग्रीन पब्लिक स्कूल, सिरसा पहले और गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय दूसरे स्थान पर रहा।

पेंटिंग प्रतियोगिता में गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के अखिल ने प्रथम, ऑक्सफोर्ड ग्रीन पब्लिक स्कूल की परीक्षा बंसल ने द्वितीय और आरुषि बंसल ने तृतीय स्थान हासिल किया।

कविता लेखन में सिद्धि दात्री प्रथम, अंशिका द्वितीय और श्रुति तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं, लोकगीत प्रतियोगिता में ऑक्सफोर्ड ग्रीन पब्लिक स्कूल के प्रवीण ने पहला स्थान प्राप्त किया।

मंडल स्तरीय युवा उत्सव में करेंगे प्रतिभाग

जानकारी के लिए बता दें कार्यक्रम के समापन पर सभी विजेताओं को प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रभारी जिला युवा कल्याण अधिकारी अमृता चौधरी ने बताया कि जनपद स्तर पर चयनित विजेता प्रतिभागी आगामी मंडल स्तरीय युवा उत्सव में हिस्सा लेंगे और गौतमबुद्धनगर का प्रतिनिधित्व करेंगे। मंडल स्तरीय प्रतियोगिता की तारीख बाद में घोषित की जाएगी। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देना और उनमें नेतृत्व क्षमता, सांस्कृतिक चेतना, रचनात्मकता तथा सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना रहा।

ये भी पढ़ें: चार मूर्ति अंडरपास से खत्म हुआ जाम, सफर अब हुआ आसान

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...