महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ के तृतीय दीक्षांत समारोह का आयोजन 11 अगस्त को विश्वविद्यालय परिसर में किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने शिबली नेशनल कॉलेज में प्रेसवार्ता कर समारोह की विस्तृत जानकारी साझा की।
दीक्षांत समारोह में पद्म विभूषण पं. हरिप्रसाद चौरसिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके अलावा राज्य मंत्री रजनी तिवारी और अतिविशिष्ट अतिथि योगेंद्र उपाध्याय भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। मुख्य अतिथि अपने संबोधन में विद्यार्थियों को शिक्षा और जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश देंगे।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक के अनुसार विभिन्न पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को कुल 88 पदक प्रदान किए जाएंगे। इनमें से 20 पदकों का वितरण राज्यपाल द्वारा मंच से किया जाएगा। समारोह में पात्र विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपाधियां भी प्रदान की जाएंगी।
समारोह में गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले के पटोला बुनकर प्रशिक्षक एवं समाजसेवी पंकज भाई डूंगरभाई मकवाना को मानद उपाधि प्रदान की जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने उनके सामाजिक और क्षेत्रीय योगदान को देखते हुए यह सम्मान देने का निर्णय लिया है।
दीक्षांत समारोह की शुरुआत शैक्षिक शोभायात्रा के पंडाल में पहुंचने के बाद होगी। इसके बाद छात्राओं द्वारा राष्ट्रगीत और विश्वविद्यालय का कुलगीत प्रस्तुत किया जाएगा। कुलाधिपति समारोह के शुभारंभ की घोषणा करेंगी। कुलपति के स्वागत भाषण और विश्वविद्यालय की प्रगति आख्या के बाद उपाधियों का वितरण किया जाएगा।
दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों के अंकपत्र और उपाधियों को डिजीलॉकर में शामिल किए जाने की प्रक्रिया का शुभारंभ एवं प्रदर्शन भी किया जाएगा। इसके जरिए विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक दस्तावेजों की डिजिटल सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कदम बढ़ाया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय की अर्धवार्षिक पत्रिका के साथ प्राध्यापकों द्वारा लिखी गई छह पुस्तकों का विमोचन भी किया जाएगा। इसके अलावा समारोह में शिक्षा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित होंगे।

दीक्षांत समारोह में सामाजिक क्षेत्र में योगदान देने वालों को भी सम्मानित किया जाएगा। आजमगढ़ और मऊ की पांच-पांच आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को किट और टीका प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। वहीं प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों को पुस्तकें भेंट की जाएंगी। कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों को रोचक कहानियों की किताबें, कलर बुक और कलर भी वितरित किए जाएंगे।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के आजमगढ़ दौरे की शुरुआत एचपीवी टीकाकरण अभियान के अवलोकन से प्रस्तावित है। इसके बाद वह बच्चों की चित्रकला और स्टार्टअप प्रदर्शनी का निरीक्षण करेंगी। विश्वविद्यालय परिसर में नवनिर्मित कार्यों के उद्घाटन के साथ कार्य परिषद के सदस्यों और संकायाध्यक्षों के साथ कार्यक्रम में भी शामिल होंगी।
कार्यक्रम की जानकारी देने के बाद कुलपति प्रो. संजीव कुमार, कुलसचिव अमृतलाल और परीक्षा नियंत्रक आनंद कुमार मौर्य ने शिबली नेशनल कॉलेज परिसर में पौधरोपण किया। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।