Uttar Pradesh News: ग्रेटर नोएडा में विदेशी निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हुई है। दरसअल, दक्षिण कोरिया का उच्चस्तरीय सरकारी प्रतिनिधिमंडल बृहस्पतिवार को औद्योगिक निवेश की संभावनाएं तलाशने ग्रेटर नोएडा पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल में दक्षिण कोरिया के चार सांसदों समेत कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे। यहां ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के तीन अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारियों (एसीईओ) के साथ बैठक कर औद्योगिक सुविधाओं, जमीन की उपलब्धता और निवेश के अवसरों पर चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा और इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप (आईआईटीजीएनएल) के इंफ्रास्ट्रक्चर का भी जायजा लिया।
जानकारी के लिए बता दें ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. बलकार सिंह के निर्देश पर एसीईओ प्रेरणा सिंह, सुमित यादव और नुपुर गोयल ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। इस दौरान भारतीय दूतावास के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
दक्षिण कोरिया के प्रतिनिधिमंडल में सांसद किम जुंग हो, मून जियोंगबोग, कैंग सियोंगक्यू और ली जुयोंग समेत अन्य अधिकारी शामिल थे। प्राधिकरण के बोर्ड रूम में आयोजित बैठक के दौरान अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को ग्रेटर नोएडा की औद्योगिक संभावनाओं और उत्तर प्रदेश सरकार की निवेश नीतियों की जानकारी दी।
बैठक में एसीईओ प्रेरणा सिंह ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से ग्रेटर नोएडा और आईआईटीजीएनएल की विशेषताओं को बताया। जिसमें उन्होंने कहा कि इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप देश की स्मार्ट औद्योगिक टाउनशिप में शामिल है। इसे प्लग एंड प्ले मॉडल पर विकसित किया गया है। ऐसे में यहां उद्योग लगाने के इच्छुक निवेशकों को कम समय में भूखंड आवंटित करने की व्यवस्था है। औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने के लिए जरूरी सुविधाएं और बुनियादी ढांचा पहले से तैयार हैं। ऐसे में भूखंड आवंटित होने के बाद उद्यमी जल्द अपना उद्योग शुरू कर सकते हैं।
अधिकारियों का कहना है कि राष्ट्रीय राजधानी के नजदीक होने के कारण ग्रेटर नोएडा निवेशकों के लिए बेहतर विकल्प है। यहां सड़क, रेल और हवाई मार्ग से अच्छी कनेक्टिविटी उपलब्ध है। प्रतिनिधिमंडल को प्राधिकरण के लैंड बैंक और औद्योगिक विकास की योजनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
दक्षिण कोरियाई प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा के नियोजन, इंफ्रास्ट्रक्चर, साफ-सफाई और नागरिक सुविधाओं की सराहना की। इसके बाद सदस्यों ने ईकोटेक-3 स्थित न्यू हॉलैंड ट्रैक्टर के प्लांट का भ्रमण किया। वहीं, दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा में औद्योगिक निवेश को लेकर रुचि दिखाई और यहां निवेश करने की इच्छा भी जाहिर की। इस दौरे से आने वाले समय में दक्षिण कोरिया की कंपनियों के ग्रेटर नोएडा में निवेश की संभावनाएं बढ़ सकती हैं।
ये भी पढ़ें: संविधान दिवस पर योगी का बड़ा संदेश, कहा- आम नागरिक ही देश की ताकत