Uttar Pradesh News: गौतमबुद्धनगर के ग्रेटर नोएडा स्थित शारदा विश्वविद्यालय में रविवार शाम सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास के दौरान हवाई हमले की चेतावनी, रेड अलर्ट और ब्लैकआउट जैसी आपातकालीन परिस्थितियों का वास्तविक जैसा माहौल तैयार किया गया। इसका उद्देश्य विभिन्न सरकारी विभागों की तैयारियों, आपसी समन्वय और राहत एवं बचाव कार्यों की क्षमता को परखना था। अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका की अध्यक्षता में आयोजित इस मॉक ड्रिल में पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ सहित कई विभागों की टीमों ने हिस्सा लिया।
मॉक ड्रिल के दौरान शाम 6 बजे आपातकालीन परिस्थितियों का अभ्यास शुरू हुआ। इसमें चेतावनी प्रणाली संचालित करने, लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और ब्लैकआउट लागू करने जैसी प्रक्रियाओं का प्रदर्शन किया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपनी निर्धारित जिम्मेदारियों के अनुसार काम करते हुए यह दिखाया कि किसी भी संकट के समय किस तरह तेजी से कार्रवाई की जा सकती है।
पुलिस विभाग ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ भीड़ और यातायात नियंत्रण की जिम्मेदारी निभाई। वहीं अग्निशमन विभाग की टीम ने आग लगने की काल्पनिक स्थिति में आग बुझाने और लोगों को सुरक्षित निकालने का अभ्यास किया।
स्वास्थ्य विभाग (Health Department) की टीम ने एंबुलेंस संचालन, घायलों को प्राथमिक उपचार देने और अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने क्षतिग्रस्त इमारतों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की तकनीक दिखाई। इसके अलावा विद्युत विभाग ने बिजली आपूर्ति बंद करने और बहाल करने, लोक निर्माण विभाग ने मलबा हटाने और रास्तों को सुचारु करने तथा परिवहन विभाग ने आपातकालीन वाहनों के आवागमन की व्यवस्था का अभ्यास किया।
अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका ने कहा कि इस तरह की मॉक ड्रिल आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इससे विभागों के बीच समन्वय बेहतर होता है और वास्तविक आपातकालीन स्थिति में जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलती है। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों के प्रति सतर्क रहने तथा जरूरी उपकरणों और संसाधनों को हमेशा तैयार रखने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एडीसीपी अर्चना सिंह, डिप्टी कलेक्टर अभिनेंद्र सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंदन सोनी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी किशन सिंह, सीआरए से कुलदीप खन्ना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें: गौतमबुद्धनगर में मतदाता पंजीकरण बढ़ाने के लिए सीईओ ने दिए निर्देश