ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) रवि कुमार एनजी का साढ़े तीन साल से अधिक का कार्यकाल कई अहम बदलावों और उपलब्धियों के लिए याद किया जाएगा। करीब तीन वर्ष चार माह तक ग्रेटर नोएडा की जिम्मेदारी संभालने के बाद उनका तबादला उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) में कर दिया गया है। 6 जुलाई 2023 को पदभार संभालने वाले रवि कुमार एनजी के सामने शुरुआत से ही किसानों की समस्याओं और प्राधिकरण की आर्थिक स्थिति जैसी बड़ी चुनौतियां थीं।
जब रवि कुमार एनजी ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की कमान संभाली, उस समय अपनी मांगों को लेकर किसान करीब चार महीने से प्राधिकरण के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठे थे। किसानों की गिरफ्तारी और पुलिस बल प्रयोग के बाद स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई थी। ऐसे में उन्होंने किसान नेताओं से सीधे बातचीत कर धरना समाप्त कराने में सफलता हासिल की। हालांकि किसानों की आबादी, आवासीय भूखंड, बैकलीज और शिफ्टिंग से जुड़े कई मामले आज भी लंबित हैं, लेकिन उनके कार्यकाल में इन समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रयास किए गए। उनकी पहल पर करीब एक हजार किसानों को आवासीय भूखंड भी आवंटित किए गए।
रवि कुमार एनजी के कार्यकाल का एक अहम बदलाव प्राधिकरण में आम लोगों की पहुंच आसान करना भी रहा। इससे पहले प्राधिकरण में प्रवेश के लिए पास व्यवस्था लागू थी, जिसके कारण लोगों को काफी परेशानी होती थी। उन्होंने इस व्यवस्था को खत्म कर प्राधिकरण के मुख्य द्वार आम लोगों के लिए खोल दिए। इससे अपनी समस्याएं लेकर आने वाले शहरवासियों को राहत मिली।
रवि कुमार एनजी के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक प्राधिकरण की आर्थिक स्थिति थी। पदभार संभालने के समय ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर करीब चार हजार करोड़ रुपये का कर्ज था। इस दौरान बकायेदारों से वसूली को प्राथमिकता दी गई। खासतौर पर बिल्डरों से बकाया राशि वसूलने की दिशा में कदम उठाए गए। इसका असर यह हुआ कि प्राधिकरण ने अपना कर्ज चुकाया और आज करीब 13 हजार करोड़ रुपये के बैंक बैलेंस तक पहुंच गया।
उनके कार्यकाल में डीएमआईसी और आईआईटीजीएनएल जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति देने का प्रयास किया गया। मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक हब की दिशा में भी काम आगे बढ़ा। इसके अलावा शहर की सड़कों के चौड़ीकरण और चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया गया। शहर में बड़े अस्पताल समूहों को आमंत्रित कर स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने की पहल भी की गई।
इस दौरान वरिष्ठ अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सौम्य श्रीवास्तव ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने बकायेदार बिल्डरों से वसूली और लंबे समय से अपने घर का इंतजार कर रहे फ्लैट खरीदारों को उनका आशियाना दिलाने की दिशा में काम किया। उनका भी तबादला कर दिया गया है। वहीं, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार सिंह को मुजफ्फरनगर का जिलाधिकारी और लक्ष्मी वीएस को लखनऊ में नई जिम्मेदारी दी गई है।
रवि कुमार एनजी के स्थान पर डॉ. बलकार सिंह ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के नए सीईओ होंगे। उन्हें भी एक सुलझे हुए अधिकारी के तौर पर देखा जा रहा है। ऐसे में शहरवासियों और किसानों की उम्मीदें अब नए सीईओ से जुड़ गई हैं। रवि कुमार एनजी के कार्यकाल में किसानों की समस्याओं से लेकर प्राधिकरण की आर्थिक स्थिति और शहर की विकास परियोजनाओं तक कई मोर्चों पर काम हुआ। हालांकि कुछ समस्याएं अब भी बाकी हैं, लेकिन उनके कार्यकाल में आए बदलाव ग्रेटर नोएडा के विकास की दिशा में अहम माने जा रहे हैं।