गौतमबुद्धनगर। उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर में मतदाता सूची को अपडेट और त्रुटिरहित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 17 नवंबर 2026 से शुरू होने वाले विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बीएलओ और सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें नोएडा, दादरी और जेवर विधानसभा क्षेत्रों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से नहीं छूटना चाहिए।
गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को अपने निर्धारित क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य निर्वाचक नामावली को शुद्ध, पारदर्शी, अद्यतन और समावेशी बनाना है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से नवयुवाओं, महिलाओं, दिव्यांगजनों और पहली बार मतदाता बनने के योग्य नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जो नागरिक मतदान के लिए पात्र हैं, उनका नाम मतदाता सूची में जरूर शामिल होना चाहिए। इसके लिए बीएलओ को अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर पात्र लोगों की पहचान करने और उन्हें पंजीकरण की प्रक्रिया के बारे में जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
मतदाता पंजीकरण अभियान को व्यापक बनाने के लिए जिले की आरडब्ल्यूए, एओए, विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, शिक्षण संस्थानों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि इन संस्थाओं के सहयोग से विशेष मतदाता पंजीकरण शिविर आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की सुविधा मिल सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को अभियान की प्रगति की प्रतिदिन समीक्षा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बीएलओ और सुपरवाइजरों के कार्यों की नियमित निगरानी करने को कहा गया। प्राप्त आवेदन पत्रों का नियमानुसार और निर्धारित समय के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान समाप्त होने के बाद बेहतर प्रदर्शन करने वाले बीएलओ और सुपरवाइजरों को जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित किया जाएगा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान बीएलओ और सुपरवाइजरों की जानकारी परखने के लिए बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित ज्ञान परीक्षण भी आयोजित किया गया। इसमें निर्वाचक नामावली से जुड़े नियमों, प्रक्रियाओं और विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के विभिन्न पहलुओं से संबंधित सवाल पूछे गए। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि अभियान के दौरान सभी अधिकारी मतदाता पंजीकरण और सत्यापन की प्रक्रिया को सही तरीके से पूरा कर सकें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के सभी पात्र नागरिकों से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम निर्वाचक नामावली में शामिल कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से टीम भावना, पारदर्शिता और आपसी समन्वय के साथ काम करने का आह्वान किया। प्रशासन का लक्ष्य है कि अभियान के बाद जिले की मतदाता सूची अधिक सटीक, अद्यतन और समावेशी बने तथा कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत कुमार सिंह, एसडीएम सदर आशुतोष गुप्ता, एसडीएम दादरी अरुण कुमार, एसडीएम जेवर दुर्गेश सिंह, डिप्टी कलेक्टर एवं सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रदीप कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर अभिनेंद्र सिंह और पूर्वा शर्मा समेत संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।