1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. LS Election 2024: प्रियंका गांधी 3 मई को आगरा के फतेहाबाद में समीकरण साधने के लिए करेंगी रोड शो

LS Election 2024: प्रियंका गांधी 3 मई को आगरा के फतेहाबाद में समीकरण साधने के लिए करेंगी रोड शो

Agra LS Election 2024: तीसरे चरण के अंतर्गत आगरा में वोटिंग होनी है ऐसे में कांग्रेस इस संसदीय सीट के अंतर्गत आने वाली सीटों पर राजनीतिक समीकरण पर नजर बनाए हुए है। वहीं फतेहपुर सीकरी संसदीय सीट से प्रियंका गांधी 3 मई को फतेहाबाद में रोड शो करेंगी और कांग्रेस प्रत्याशी रामनाथ सिकरवार के लिए लोगों से वोट मागेंगी। उनका यह कार्यक्रम लगभग डेढ़ घंटे का रहेगा और इस दौरान वे यहां के वोटरों से अपना संपर्क स्थापित करने का प्रयास करेंगी।

By: Desk Team  RNI News Network
Updated:
LS Election 2024: प्रियंका गांधी 3 मई को आगरा के फतेहाबाद में समीकरण साधने के लिए करेंगी रोड शो

Agra LS Election 2024: तीसरे चरण के अंतर्गत आगरा में वोटिंग होनी है ऐसे में कांग्रेस इस संसदीय सीट के अंतर्गत आने वाली सीटों पर राजनीतिक समीकरण पर नजर बनाए हुए है। वहीं फतेहपुर सीकरी संसदीय सीट से प्रियंका गांधी 3 मई को फतेहाबाद में रोड शो करेंगी और कांग्रेस प्रत्याशी रामनाथ सिकरवार के लिए लोगों से वोट मागेंगी। उनका यह कार्यक्रम लगभग डेढ़ घंटे का रहेगा और इस दौरान वे यहां के वोटरों से अपना संपर्क स्थापित करने का प्रयास करेंगी।

3 मई को फतेहाबाद में रोड शो प्रस्तावित

3 मई को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी का रोड शो फतेहाबाद में होना है। प्रियंका गांधी का रोड शो बाह तिराहा फतेहाबाद से गांधी चौराहा, अंबेडकर चौक होते हुए बस स्टैंड पर जाकर खत्म होगा। इसके लिए कांग्रेस तैयारियों में लगी हुई है।

गाड़ियों के काफिले से लेकर भीड़ जुटाने तक के लिए जिम्मेदारियां बांट दी गई हैं। कांग्रेस के शहर अध्यक्ष अमित सिंह का कहना है कि प्रियंका गांधी बाईपास से एंट्री लेंगी। वहीं हेलीपैड बनाया गया है। लगभग साढ़े तीन बजे उनका रोड शो शुरू होगा। चार से पांच हजार लोगों की भीड़ पहुंचने की संभावना है।

फौजियों का इलाका है फतेहपुर सीकरी

इस लोकसभा सीट पर कांग्रेस का पूरा ध्यान यूथ के साथ-साथ फौजियों पर है। इस क्षेत्र के तमाम गावों में युवा आर्मी में जाने की तैयारी करते हैं। लगभग डेढ़ लाख रिटायर फौजी इस लोकसभा सीट में रहते हैं। कांग्रेस प्रत्याशी खुद एक फौजी रह चुके हैं। ऐसे में अग्निवीर से असंतुष्ट फौजियों का समर्थन उन्हें पूरी तरह से मिल रहा है।

शहर अध्यक्ष का कहना है कि रामनाथ सिकरवार पूरी तरह से एक फौजी हैं। 36 कौमों के साथ खाना खा चुके हैं, काम कर चुके हैं। जाति विशेष से उन्हें फर्क नहीं पड़ता। सभी जाति और धर्मों का उन्हें समर्थन मिल रहा है।

ठाकुरों को पक्ष में करने की कोशिश

फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट पर निवर्तमान सांसद राजकुमार चाहर को बीजेपी ने फिर से टिकट दिया है। चाहर ने पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के राज बब्बर को 4 लाख 95 हजार वोटों के बड़े अंतर से पराजित किया था।

राजकुमार चाहर की यह जीत देश की सबसे बड़ी जीत थी। भाजपा हर वर्ग को संतुष्ट कर जीत की राह को आसान मान रही थी। लेकिन बसपा ने ब्राह्मण वोटों के लिए रामनिवास शर्मा को अपना प्रत्याशी घोषित किया। इसके बाद कांग्रेस ने I.N.D.I गठबंधन से रामनाथ सिकरवार को उतारा है।

इस क्षेत्र के ढाई लाख से अधिक क्षत्रिय वोटों के साथ समाजवादी पार्टी के पिछड़े वर्ग और मुस्लिम वोटों की संभावित एकजुटता ने भाजपा के सामने कड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।

पहले भी लड़ चुके हैं चुनाव

2004 में आर्मी से रिटायर होने के बाद रामनाथ सिकरवार 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव में आगरा की खेरागढ़ विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं। भाजपा प्रत्याशी भगवान सिंह कुशवाहा को उन्होंने कड़ी टक्कर दी थी। रामनाथ चुनाव हार गए मगर उन्हें 65 हजार से अधिक वोट मिले थे। उस समय भी प्रियंका रामनाथ के लिए रोड शो कर चुकी हैं।

फतेहपुर सीकरी में पार्टियों की स्थिति

यह संसदीय क्षेत्र वर्ष 2009 में अस्तित्‍व में आया था। पहली बार यहां से बसपा की प्रत्‍याशी सीमा उपाध्‍याय सांसद बनीं थी। उन्‍‍होंने सपा प्रत्‍याशी राजबब्‍बर को हराया था। 2014 में सीमा उपाध्‍याय को हराकर भाजपा के चौधरी बाबूलाल सांसद बने थे। इस चुनाव में अमर सिंह रालोद के प्रत्‍याशी थे। हालांकि वे अपनी जमानत भी नहीं बचा पाए थे। 2019 में भाजपा के राजकुमार चाहर सांसद बने।

भाजपा को मिले थे 64 % वोट

फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट पर 19 लाख से अधिक मतदाता हैं। पिछले चुनाव के आंकड़ों के अनुसार 2019 के चुनाव में भाजपा को 64% से अधिक वोट मिले थे। कांग्रेस को करीब 17% और सपा और बसपा के गठबंधन को करीब 15% वोट मिले थे।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...