1. हिन्दी समाचार
  2. अथॉरिटी की बात
  3. सेक्टर-78 में अनधिकृत दुकानों पर नोएडा प्राधिकरण की कार्रवाई, 3 दुकानें सील

सेक्टर-78 में अनधिकृत दुकानों पर नोएडा प्राधिकरण की कार्रवाई, 3 दुकानें सील

नोएडा के सेक्टर-78 में ग्रुप हाउसिंग परिसर में अनधिकृत रूप से संचालित 3 दुकानों को नोएडा प्राधिकरण ने सील कर दिया। पुलिस बल की मौजूदगी में संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।

By: BS Yadav  RNI News Network
Updated:
सेक्टर-78 में अनधिकृत दुकानों पर नोएडा प्राधिकरण की कार्रवाई, 3 दुकानें सील

नोएडा के सेक्टर-78 में अनधिकृत रूप से संचालित दुकानों के खिलाफ नोएडा प्राधिकरण ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्रुप हाउसिंग परिसर में स्वीकृत भू-उपयोग के विपरीत चल रही 3 दुकानों को सील कर दिया गया है। कार्रवाई प्राधिकरण की संयुक्त टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में की।

नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी के निर्देश पर शहर में अनधिकृत निर्माण और स्वीकृत भू-उपयोग के विपरीत संचालित गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।इसी क्रम में नियोजन विभाग की जांच और मौके पर किए गए निरीक्षण में ग्रुप हाउसिंग भूखंड संख्या JPS-02, सेक्टर-78 में अनियमितता सामने आई। यहां भवन के कमरों में बदलाव कर उन्हें अनधिकृत रूप से दुकानों के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा था।

जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई के लिए ग्रुप हाउसिंग विभाग, वर्क सर्किल-6 और पुलिस बल की संयुक्त टीम गठित की गई। 12 अगस्त 2026 को टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की।कार्रवाई के दौरान अनधिकृत रूप से संचालित 3 दुकानों को सील कर दिया गया। कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से पूरी हुई और मौके पर पुलिस बल के साथ संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

प्राधिकरण की ओर से साफ किया गया है कि स्वीकृत नक्शे और निर्धारित भू-उपयोग के विपरीत किसी भी तरह का अनधिकृत निर्माण या व्यावसायिक गतिविधि स्वीकार नहीं की जाएगी। नोएडा प्राधिकरण ने अधिकारियों को क्षेत्र में अनधिकृत निर्माण और व्यावसायिक गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। प्राधिकरण का कहना है कि ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...