Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा में आज मंगलवार, 17 नवंबर से बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की रामकथा का शुभारंभ हो रहा है। बेंती में आयोजित होने वाली प्रभु श्रीराम की अमृतमय कथा को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल है। कथा के आयोजन से पहले सोमवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
आपकी जानकरी के लिए बता दें यह आयोजन जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के संयोजन में हो रहा है। रामकथा को लेकर कई दिनों से तैयारियां चल रही थीं। सोमवार को निकली कलश यात्रा ने आयोजन की भव्यता की झलक दिखा दी।
कुंडा, बिहार, कालाकांकर और बाबागंज ब्लॉक सहित विभिन्न क्षेत्रों में कलश यात्राएं निकाली गईं। इनमें महिलाओं और पुरुषों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। श्रद्धालु सिर पर कलश लेकर जय श्रीराम और जय श्रीराधे के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। जगह-जगह लोगों ने फूलों की वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
कुंडा ब्लॉक की यात्रा में प्रयागराज के कारीगरों द्वारा तैयार कराया गया आधा कुंतल से ज्यादा वजन का पीतल का भव्य कलश आकर्षण का केंद्र रहा। इसकी कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई गई है। इसका पूजन राजा भैया ने किया। वहीं, बाबागंज ब्लॉक की यात्रा की अगुवाई उनके छोटे बेटे बृजराज प्रताप सिंह ने की। बाघराय में निकली यात्रा में करीब 300 चारपहिया वाहन और 500 से अधिक बाइक सवार शामिल हुए। महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर अपनी आस्था का परिचय दिया। कई महिलाओं ने माथे पर राम नाम भी लिखवाया।
दरसअल, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। कथा स्थल को सात जोन और नौ सेक्टर में बांटा गया है। यहां करीब एक हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा दो अस्थायी थाने बनाए गए हैं।
अग्निसुरक्षा के लिए पांच फायर टेंडर और 50 फायरमैन तैनात किए गए हैं। जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय और पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने कथा स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बता दें मंगलवार से प्रतिदिन दोपहर दो बजे पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री प्रभु श्रीराम की कथा सुनाएंगे। इस आयोजन को लेकर कुंडा समेत आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं के बीच खासा उत्साह है।
ये भी पढ़ें: गौतमबुद्धनगर में 12 दिसंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, एक ही दिन में निपटेंगे मामले