1. हिन्दी समाचार
  2. अथॉरिटी की बात
  3. नोएडा के सलारपुर में बनेगा आधुनिक कम्युनिटी हॉल, ₹5.77 करोड़ की लागत से होगा निर्माण

नोएडा के सलारपुर में बनेगा आधुनिक कम्युनिटी हॉल, ₹5.77 करोड़ की लागत से होगा निर्माण

नोएडा सेक्टर-81 के ग्राम सलारपुर में ₹576.97 लाख की लागत से आधुनिक कम्युनिटी हॉल बनेगा। ग्रीक थीम पर आधारित दो मंजिला भवन में हॉल, कमरे, ब्राइडल-ग्रूम रूम समेत कई सुविधाएं होंगी।

By: BS Yadav  RNI News Network
Updated:
नोएडा के सलारपुर में बनेगा आधुनिक कम्युनिटी हॉल, ₹5.77 करोड़ की लागत से होगा निर्माण

नोएडा: नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर-81 स्थित ग्राम सलारपुर के निवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए आधुनिक कम्युनिटी हॉल के निर्माण को मंजूरी दे दी है। मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) की ओर से 21 जुलाई 2026 को सैद्धांतिक स्वीकृति मिलने के बाद प्राधिकरण ने निर्माण कार्य के लिए टेंडर आमंत्रित कर दिए हैं।करीब ₹576.97 लाख यानी 5.77 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह कम्युनिटी हॉल आकर्षक ‘ग्रीक थीम’ पर आधारित होगा। इसका उद्देश्य स्थानीय ग्रामीणों को शादी-ब्याह, सामाजिक और सामुदायिक कार्यक्रमों के लिए व्यवस्थित और किफायती स्थान उपलब्ध कराना है।

4,613 वर्ग मीटर भूमि पर होगा विकास

कम्युनिटी हॉल के लिए कुल 4,613.26 वर्ग मीटर भूमि उपलब्ध है। इसमें से 486.08 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में दो मंजिला भवन का निर्माण किया जाएगा।ग्राउंड फ्लोर पर डबल-स्टोरी हॉल के साथ रिसेप्शन एरिया बनाया जाएगा। इसके अलावा अटैच्ड वॉशरूम वाले एक ब्राइडल रूम और एक ग्रूम रूम की व्यवस्था होगी। महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय भी बनाए जाएंगे।पहली मंजिल पर एक अलग हॉल बनाया जाएगा। इसके साथ अटैच्ड वॉशरूम वाले चार कमरे भी होंगे। इससे बड़े सामाजिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध होगी।

जल निकासी से लेकर सौंदर्यीकरण तक की व्यवस्था

कम्युनिटी हॉल परिसर में जल निकासी और विद्युत व्यवस्था के साथ आंतरिक एवं बाहरी सौंदर्यीकरण का काम भी किया जाएगा। परिसर तक पहुंचने के लिए चौड़े प्रवेश मार्ग का निर्माण किया जाएगा।

एक साल में पूरा करने का लक्ष्य

अनुबंध गठित होने के बाद निर्माण कार्य को एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। प्राधिकरण के अनुसार निर्माण के दौरान गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाएगा।कम्युनिटी हॉल के निर्माण से सलारपुर के ग्रामीणों को शादी-विवाह और अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए स्थानीय स्तर पर बेहतर और किफायती सुविधा मिलने की उम्मीद है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...