मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शहीद भगत सिंह की जयंती पर प्रदेशवासियों को संदेश देते हुए उनके राष्ट्रप्रेम, साहस और समर्पण को याद किया। उन्होंने कहा कि मात्र 23 वर्ष की आयु में भगत सिंह ने मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व बलिदान कर दिया। उनकी जयंती देश और समाज के प्रति अपने दायित्वों को नए संकल्प के साथ निभाने की प्रेरणा देती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगत सिंह के जीवन से प्रेरणा लेकर जातिवाद, नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है। युवाओं को उनके अदम्य साहस और राष्ट्रनिष्ठा से सीख लेते हुए समाज के सकारात्मक बदलाव में योगदान देना चाहिए।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भगत सिंह का जीवन ज्ञान और निरंतर सीखने की प्रेरणा देता है। जब युवा ज्ञान को कौशल, कौशल को संकल्प और संकल्प को कर्म से जोड़ेंगे, तो उनके व्यक्तिगत सपनों के साथ प्रदेश की विकास यात्रा को भी नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से ज्ञानवान, संस्कारवान और सामर्थ्यवान उत्तर प्रदेश के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भगत सिंह के आदर्शों से प्रेरणा लेकर युवा राष्ट्र और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझें और उन्हें कर्म के माध्यम से पूरा करें।