1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. Mathura News: कंस मेले का भव्य आगाज, कृष्ण लीला और शोभायात्रा में उमड़ी भीड़

Mathura News: कंस मेले का भव्य आगाज, कृष्ण लीला और शोभायात्रा में उमड़ी भीड़

मथुरा के विश्राम घाट पर चार दिवसीय कंस मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। कृष्ण-बलराम की गौचारण लीला और ठाकुरजी की शोभायात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

By: Nivedita  RNI News Network
Updated:
Mathura News: कंस मेले का भव्य आगाज, कृष्ण लीला और शोभायात्रा में उमड़ी भीड़

मथुरा। धर्मनगरी मथुरा में श्री माथुर चतुर्वेद परिषद के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय श्रीकृष्ण महोत्सव कंस मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। विश्राम घाट पर भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक लीलाओं के साथ महोत्सव की शुरुआत हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और चतुर्वेद समाज के लोग मौजूद रहे। भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी के स्वरूपों की परिषद अध्यक्ष राजन पाठक ने विधि-विधान से आरती उतारी।

विश्राम घाट पर कृष्ण लीलाओं ने मोहा श्रद्धालुओं का मन

महोत्सव के शुभारंभ पर विश्राम घाट में भगवान श्रीकृष्ण की माखन चोरी, मयूर नृत्य और गौचारण लीला का मनोहारी मंचन किया गया। श्रद्धालुओं ने भक्ति और उत्साह के साथ इन लीलाओं का आनंद लिया। पूरा घाट भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों और भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।

घोड़ों पर सवार होकर गोपाल बाग पहुंचे कृष्ण-बलराम

शाम पांच बजे सेठ भीकचंद गली से भगवान श्रीकृष्ण और बलराम के स्वरूप घोड़ों पर सवार होकर गौचारण के लिए गोपाल बाग रवाना हुए। इस दौरान चतुर्वेद समाज के बड़ी संख्या में लोग पारंपरिक वेशभूषा में उनके साथ शामिल हुए। समाज के लोगों ने पारंपरिक ब्रज लोकगीतों का गायन करते हुए माहौल को भक्तिमय बना दिया। गोपाल बाग पहुंचने पर भगवान श्रीकृष्ण और बलराम की गौचारण लीला का मंचन किया गया, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही।

ठाकुरजी की शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब

शाम सात बजे बैंड-बाजे, ढोल, आकर्षक झांकियों और शहनाई की मधुर धुनों के बीच घोड़ी पर सवार ठाकुरजी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा होली गेट की ओर रवाना हुई। रास्ते भर श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन किए और जगह-जगह स्वागत किया। इस आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों के अलावा दुबई, मुंबई और गुजरात से भी चतुर्वेद समाज के लोग पहुंचे। समाज के लोगों में महोत्सव को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

 

 

ब्रज के पारंपरिक लोकगीतों से गूंज उठी सेठ भीकचंद गली

मेले के दौरान सेठ भीकचंद गली में ब्रज संस्कृति की अनूठी झलक देखने को मिली। ‘फूलन के बाजूबंद, फूलन की माल, गैया चराय घर आए नंदलाल’ जैसे पारंपरिक लोकगीतों का गायन किया गया। लोकगीतों और धार्मिक परंपराओं के बीच आयोजन का समापन हुआ।

राजन पाठक ने बताई कंस मेले की ऐतिहासिक परंपरा

इस अवसर पर श्री माथुर चतुर्वेद परिषद के अध्यक्ष राजन पाठक, महामंत्री संजय एल्पायन और संरक्षक राकेश तिवारी ने कंस मेले की ऐतिहासिक परंपरा और आयोजन के महत्व की जानकारी दी। दुबई से पहुंचे श्रीकांत चतुर्वेदी, शशिकांत चतुर्वेदी, अमन सरदार और आदर्श मोहलेदार ने आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम ब्रज की समृद्ध परंपराओं, संस्कृति और सामाजिक एकता को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। चार दिवसीय श्रीकृष्ण महोत्सव के शुभारंभ ने मथुरा में एक बार फिर ब्रज की धार्मिक आस्था, लोकसंस्कृति और पारंपरिक उत्सवों की भव्यता को प्रदर्शित किया।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...