1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. लखनऊ : जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने की प्रेसवार्ता, कहा – यूपी में की गई नई तकनीक के तहत सिंचाई व्यवस्था

लखनऊ : जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने की प्रेसवार्ता, कहा – यूपी में की गई नई तकनीक के तहत सिंचाई व्यवस्था

जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने प्रेसवार्ता में कहा कि यूपी में की गई नई तकनीक के तहत सिंचाई व्यवस्था, नलकूपों पर स्थापित किए गए जीएसएम आधारित कंट्रोल रूम.

By: Desk Team  RNI News Network
Updated:
gnews
लखनऊ : जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने की प्रेसवार्ता, कहा – यूपी में की गई नई तकनीक के तहत सिंचाई व्यवस्था

लखनऊ : सोमवार को जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह की अध्यक्षता में सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के मुख्यालय में बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें सिंचाई विभाग द्वारा प्रदेश में स्थापित राजकीय नलकूपों एवं लघु डाल नहरों के संचालन एवं अनुश्रवण हेतु उन्नत और नवीन तकनीकों के अभिनव प्रयोग जी.एस.एम. आधारित केन्द्रीयकृत कन्ट्रोल सिस्टम, सौर ऊर्जा संचालित राजकीय नलकूप, रिचार्ज वेल तथा सेल्फ प्राइमिंग पम्प स्थापित किए जाने के अभिनव प्रयोग के संबंध में प्रस्तुतिकरण किया गया।

प्रेस वार्ता के दौरान जलशक्ति मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के कुशल मार्गदर्शन सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग में लगातार नवाचारों को बढ़ावा दिया जा रहा है. प्रदेश में स्थापित राजकीय नलकूपों एवं लघु डाल नहरों के संचालन एवं अनुश्रवण हेतु उन्नत और नवीन तकनीकों का अभिनव प्रयोग करके कृषकों को सिंचाई सुविधा का लाभ दिया जा रहा है।

जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सिंचाई विभाग द्वारा जनपद लखनऊ एवं बाराबंकी के 10 अदद् राजकीय नलकूपों पर जी.एस.एम. आधारित कन्ट्रोल पैनल स्थापित करके मुख्यालय पर केन्द्रीयकृत कन्ट्रोल सिस्टम द्वारा राजकीय नलकूपों के अनुश्रवण किये जाने का अभिनव प्रयोग किया गया है।

भविष्य में फेज वाइस प्रदेश के लगभग 35000 राजकीय नलकूपों, 254 लघु डाल नहरों एवं 30 वृहद और मध्यम पम्प नहरों के सुगम संचालन एवं अनुश्रवण हेतु जी.एस.एम. आधारित केन्द्रीयकृत कन्ट्रोल सिस्टम स्थापित किया जायेगा।

आगे जलशक्ति मंत्री ने बताया कि लखनऊ के विकास खण्ड-मोहनलालगंज, ग्राम-रामपुर गढ़ी जमुनी में राजकीय नलकूप संख्या-84 एम.एल.जी. को सौर ऊर्जा से संचालित किये जाने का अभिनव प्रयोग किया गया है, जिससे विद्युत ऊर्जा की बचत होने के साथ ही साथ लो-वोल्टेज अथवा विद्युत आपूर्ति बाधित होने की दशा में भी राजकीय नलकूपों का संचालन अनवरत किया जा सकता है। भविष्य में अन्य राजकीय नलकूपों को भी सौर ऊर्जा से संचालित किया जायेगा।

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि प्रदेश में संचालित 254 लघु डाल नहरों के सुगम संचालन हेतु ट्रायल के तौर पर लखनऊ जनपद के अकड़रियाकला पम्प नहर पर सेल्फ प्राइमिंग पम्प स्थापित किये जाने का अभिनव प्रयोग किया गया है, जिससे मानव श्रम को बचाने के साथ पम्प की आयु तथा क्षमता में भी वृद्धि होगी। भविष्य में अन्य लघु डाल नहरों पर भी सेल्फ प्राइमिंग पम्प स्थापित किये जायेगें।

इसके साथ ही सिंचाई विभाग (याँत्रिक संगठन) के अधिकारियों द्वारा गुजरात भ्रमण के दौरान किये गये अध्ययन व भूगर्भ जल विभाग से विचार-विमर्श के आधार पर भू-गर्भ जल स्तर को सुधारने एवं वर्षा जल को भू-गर्भ जल स्तर तक पहुंचाने के दृष्टिगत फेल व परित्याग हो चुके राजकीय नलकूपों का उपयोग किये जाने के उद्देश्य से हरदोई जनपद के विकास खण्ड-मधौगंज, ग्राम-मुनौरापुर में फेल राजकीय नलकूप को रिचार्ज वेल के रूप में विकसित किया गया है। भविष्य में अन्य फेल/परित्याग राजकीय नलकूपों को भी रिचार्ज वेल के रूप में विकसित किया जायेगा।

इस अवसर पर जलशक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद, प्रमुख सचिव सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग अनिल गर्ग, प्रमुख अभियन्ता एवं विभागाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, प्रमुख अभियंता (यांत्रिक) ओपी पाठक, प्रमुख अभियन्ता (परियोजना) अखिलेश कुमार सचान के साथ सम्बंधित मुख्य अभियंता सहित अन्य सम्बंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...