Uttar Pradesh News: वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की वीरता और गौरवशाली इतिहास के लिए दुनियाभर में मशहूर झांसी में ऐतिहासिक धरोहरों की अनदेखी का मामला सामने आया है। दरसअल, झांसी के किले के ठीक पास स्थित महाराज गंगाधर राव मुक्ताकाशी मंच इन दिनों गंदगी और कूड़े के ढेर से घिरा हुआ है। ऐसे में परिसर में फैली गंदगी और बदहाल सफाई व्यवस्था के कारण यहां आने वाले पर्यटकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
झांसी का किला देश के प्रमुख ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां हर साल बड़ी संख्या में देशी और विदेशी पर्यटक रानी लक्ष्मीबाई के शौर्य और इतिहास को करीब से जानने पहुंचते हैं। लेकिन किले के पास स्थित महाराज गंगाधर राव मुक्ताकाशी मंच की मौजूदा स्थिति पर्यटकों को निराश कर रही है।
मुक्ताकाशी मंच परिसर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। प्लास्टिक की बोतलें, खाद्य पदार्थों के अवशेष और अन्य गंदगी खुले में बिखरी पड़ी है। इसके चलते पूरे परिसर में दुर्गंध फैल रही है। हालात ऐसे हैं कि यहां कुछ देर रुकना भी मुश्किल हो रहा है।
महाराज गंगाधर राव मुक्ताकाशी मंच को बुंदेली कला, संस्कृति और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विकसित किया गया था। बता दें यह स्थल सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है। इसके आसपास रानी लक्ष्मीबाई पार्क और जनरल बिपिन रावत पार्क जैसे आकर्षक स्थल भी मौजूद हैं।
परिसर में रानी लक्ष्मीबाई के शौर्य और वीरता को दर्शाने वाली तस्वीरें भी लगाई गई हैं। लेकिन साफ-सफाई की खराब स्थिति इन ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों की खूबसूरती को प्रभावित कर रही है।
मुक्ताकाशी मंच की बदहाल स्थिति को लेकर नगर निगम और जिला प्रशासन की सफाई व्यवस्था पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। जिसमें पर्यटकों का कहना है कि ऐतिहासिक स्थलों पर आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं और स्वच्छ वातावरण मिलना चाहिए।
अब सवाल यह है कि झांसी की ऐतिहासिक पहचान से जुड़े इस महत्वपूर्ण स्थल की सुध आखिर कब ली जाएगी? क्या नगर निगम और जिला प्रशासन नियमित सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे? फिलहाल पर्यटक इस बदहाली से निराश हैं और मुक्ताकाशी मंच की स्थिति में सुधार का इंतजार कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: श्रावस्ती के नए डीएम बने मनोज कुमार राय, संभाली कमान