1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. जन भवन में गरबा महोत्सव, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मां दुर्गा की आरती की

जन भवन में गरबा महोत्सव, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मां दुर्गा की आरती की

लखनऊ के जन भवन में शारदीय नवरात्रि गरबा महोत्सव में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मां दुर्गा की पूजा और आरती की। डिप्टी CM ब्रजेश पाठक सहित कई अतिथि शामिल हुए।

By: BS Yadav  RNI News Network
Updated:
जन भवन में गरबा महोत्सव, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मां दुर्गा की आरती की

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिवस पर जन भवन के बड़े लॉन में आयोजित गरबा महोत्सव में मां दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना और आरती की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग और वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान भी उपस्थित रहे।

पूजा-अर्चना से भक्तिमय हुआ जन भवन

कार्यक्रम में राज्यपाल के विशेष कार्याधिकारी डॉ. सुधीर महादेव बोबडे, राज्य सूचना आयुक्त दिलीप अग्निहोत्री, भारतीय रेलवे यातायात सेवा के अधिकारी अमित कुमार चतुर्वेदी, विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति और अन्य गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की। मां दुर्गा की पूजा और आरती के दौरान जन भवन का वातावरण भक्तिमय हो उठा।

पारंपरिक वेशभूषा में विद्यार्थियों ने किया गरबा

नवरात्रि के अवसर पर आयोजित इस महोत्सव में विभिन्न विश्वविद्यालयों और संस्थाओं के विद्यार्थियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे प्रतिभागियों ने गरबा नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।संगीत और भक्ति से सराबोर इस आयोजन में भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं और नवरात्रि के उल्लास की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम के माध्यम से सांस्कृतिक एकता, सामाजिक समरसता और भारतीय परंपराओं के प्रति सम्मान का संदेश दिया गया।

श्रद्धालुओं को वितरित किया गया प्रसाद

महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को प्रसाद भी वितरित किया गया। आयोजन का उद्देश्य भारतीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ युवा पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ना और सांस्कृतिक मूल्यों को प्रोत्साहित करना है।जन भवन में शारदीय नवरात्रि गरबा महोत्सव का आयोजन 11 अक्टूबर से 19 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। इस दौरान गरबा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से नवरात्रि का उत्सव मनाया जा रहा है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...