रायबरेली। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने रायबरेली के ऊंचाहार क्षेत्र में आयोजित भव्य श्री शिव महापुराण कथा में पहुंचकर कथा का श्रवण किया। चड़रई टोल प्लाजा के निकट बाबूगंज में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में उन्होंने व्यासपीठ पर विराजमान प्रसिद्ध कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा से आशीर्वाद भी प्राप्त किया।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कार्यक्रम में कहा कि इस पावन आयोजन में शामिल होकर उन्हें विशेष प्रसन्नता हुई। उन्होंने बताया कि समय मिलने पर वह टेलीविजन के माध्यम से पं. प्रदीप मिश्रा की कथाएं सुनती रही हैं। उन्होंने कहा कि आज प्रत्यक्ष रूप से कथा स्थल पर पहुंचकर उनके मुखारविंद से शिव महापुराण की कथा सुनने और आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर मिलना उनके लिए सुखद अनुभव और सौभाग्य की बात है।
राज्यपाल ने कथा स्थल के आध्यात्मिक वातावरण का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां बड़ी संख्या में साधु-संत और श्रद्धालु एकत्र हुए हैं। लाखों श्रद्धालुओं के कथा श्रवण से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। उन्होंने कहा कि इस तरह के धार्मिक और आध्यात्मिक आयोजनों के माध्यम से लोगों को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपराओं और सनातन मूल्यों को समझने तथा उनसे जुड़ने का अवसर मिलता है।

श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने भव्य श्री शिव महापुराण कथा के आयोजन के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री श्री मनोज कुमार पाण्डेय को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने धार्मिक आयोजन की सफलता और श्रद्धालुओं की बड़ी भागीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री मनोज कुमार पाण्डेय ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का स्वागत किया। उन्होंने राज्यपाल को शॉल पहनाकर सम्मानित किया और प्रतीक-चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया।
शिव महापुराण कथा के आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के साथ साधु-संत भी मौजूद रहे। कथा स्थल पर भक्तिमय माहौल देखने को मिला और श्रद्धालुओं ने धार्मिक आयोजन में सहभागिता कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया।