1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. हाईटेक एक्सप्रेसवे की खुली पोल! बारिश में धंसी सड़क, निर्माण गुणवत्ता पर सवाल

हाईटेक एक्सप्रेसवे की खुली पोल! बारिश में धंसी सड़क, निर्माण गुणवत्ता पर सवाल

Lucknow-Kanpur Greenfield National Elevated Expressway के उद्घाटन के महज 12 दिन बाद ही सड़क धंसने का मामला सामने आया है। कानपुर से लखनऊ की ओर कोरारी के पास बारिश के कारण करीब 5 से 7 मीटर सड़क धंस गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

By: BS Yadav  RNI News Network
Updated:
हाईटेक एक्सप्रेसवे की खुली पोल! बारिश में धंसी सड़क, निर्माण गुणवत्ता पर सवाल

उन्नाव : उत्तर प्रदेश के बहुप्रतीक्षित लखनऊ-कानपुर ग्रीनफील्ड नेशनल एलिवेटेड एक्सप्रेसवे की निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। उद्घाटन के महज 12वें दिन एक्सप्रेसवे का एक हिस्सा धंस जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।जानकारी के मुताबिक, लगातार हो रही बारिश के चलते कानपुर से लखनऊ की ओर कोरारी के पास एक्सप्रेसवे की सड़क का करीब 5 से 7 मीटर हिस्सा धंस गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के नेता मधुसूदन यादव ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए एक्सप्रेसवे की निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये की लागत से बने इस हाईटेक प्रोजेक्ट में गुणवत्ता से समझौता किया गया है।सड़क धंसने की सूचना मिलते ही निर्माण एजेंसी की टीम मौके पर पहुंची और आनन-फानन में मरम्मत कार्य शुरू कराया। हालांकि, उद्घाटन के कुछ ही दिनों बाद सड़क धंसने की घटना ने एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता और निर्माण प्रक्रिया को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

गौरतलब है कि 13 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने 63 किलोमीटर लंबे लखनऊ-कानपुर ग्रीनफील्ड नेशनल एलिवेटेड एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया था। इस परियोजना को प्रदेश की महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना परियोजनाओं में शामिल किया जाता है।अब सड़क धंसने की घटना के बाद स्थानीय लोगों और विपक्ष ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। वहीं, निर्माण एजेंसी का कहना है कि बारिश के कारण सड़क का एक हिस्सा प्रभावित हुआ था, जिसे तत्काल ठीक कर दिया गया है। मामले को लेकर प्रशासन की ओर से विस्तृत जांच और आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...