Uttar Pradesh News: गौतमबुद्धनगर में बढ़ते वायु प्रदूषण और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। दरसअल, जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला गंगा समिति और जिला पर्यावरण समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। इसमें सड़कों से धूल हटाने, पौधों की देखभाल, कूड़े के निस्तारण और यमुना-हिंडन नदियों को स्वच्छ रखने के मुद्दों पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सभी कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित मानकों का पालन करने के आदेश दिए।
बैठक में प्रभागीय वन अधिकारी रजनीकांत मित्तल ने वृक्षारोपण वर्ष 2026-27 के तहत विभागवार पौधारोपण और पौधों की जियो-टैगिंग की प्रगति की जानकारी दी। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि लगाए गए सभी पौधों की जियो-टैगिंग शत-प्रतिशत पूरी की जाए। साथ ही पौधों के जीवित रहने की नियमित जांच हो और उनके रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए।
जिला पर्यावरण समिति की बैठक में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के उपायों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित प्राधिकरणों को मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने और सड़कों पर जमा धूल की नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए। जिसमें उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए सड़कों की खुदाई करने वाली एजेंसियां काम पूरा होते ही उनकी गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराएं। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं होगी और धूल से होने वाले प्रदूषण पर भी रोक लगेगी।
बैठक में हॉर्टिकल्चर वेस्ट, कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन (C&D) वेस्ट और म्युनिसिपल सॉलिड वेस्ट के निस्तारण की भी समीक्षा हुई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कूड़े और निर्माण मलबे का निर्धारित मानकों के अनुसार वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाए। सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर कचरा जमा नहीं होने दिया जाए।
जिला गंगा समिति की बैठक में यमुना और हिंडन नदियों के संरक्षण पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने नदियों में गिरने वाले अनुपचारित नालों का उपचार कराने और जल प्रदूषण रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा। नदी किनारों की नियमित सफाई और ठोस अपशिष्ट के उचित निस्तारण को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
बैठक में संबंधित प्राधिकरणों के एसीईओ के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने अनुपस्थित अधिकारियों के संबंध में संबंधित मुख्य कार्यपालक अधिकारियों को पत्र भेजने के निर्देश दिए। साथ ही अगली बैठकों में सभी विभागों और प्राधिकरणों के अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य करने को कहा। बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका, प्रभागीय वन अधिकारी रजनीकांत मित्तल, एडीसीपी मुख्यालय अर्चना सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें: यमुना प्राधिकरण की बड़ी पहल, एक हफ्ते में 442 किसानों को मिला प्लॉट