Uttar Pradesh News: बढ़ते वायु प्रदूषण (Air Pollution) पर काबू लगाने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण (Greater Noida Authority) ने अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है। दरसअल, शहर में प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए प्राधिकरण अब सख्त कदम उठाने की तैयारी में है। इस संबंध में प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) डॉ. बलकार सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए। जिसमें उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदूषण रोकने के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जुर्माना लगाने के साथ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में सीईओ डॉ. बलकार सिंह ने अधिकारियों को आदेश दिए कि ग्रेटर नोएडा की सड़कों की सफाई मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों के माध्यम से दो शिफ्ट में कराई जाए। दिन और रात दोनों समय सफाई सुनिश्चित की जाए। सड़कों के किनारे जहां भी कच्चे रास्ते हैं, वहां घास लगाई जाए, ताकि धूल उड़ने से रोकी जा सके। उन्होंने प्रदूषण के लिहाज से चिह्नित हॉटस्पॉट पर विशेष ध्यान देने और वहां तत्काल रोकथाम के उपाय लागू करने को कहा। साथ ही एंटी स्मॉग गन और वाटर स्प्रिंकलर की संख्या जरूरत के अनुसार बढ़ाने के निर्देश दिए।
सीईओ ने अधिकारियों को आदेश दिए कि शहर के सभी निर्धारित कूड़ा संग्रह केंद्रों से नियमित रूप से कूड़ा उठाया जाए। निर्माण स्थलों पर रखी सामग्री को ढककर रखा जाए, जिससे धूल और प्रदूषण न फैले। उन्होंने एसीईओ, महाप्रबंधक, उप महाप्रबंधक और वरिष्ठ प्रबंधकों को नियमित रूप से क्षेत्रों का निरीक्षण करने को कहा।
प्रदूषण नियंत्रण के लिए लोगों की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। सीईओ ने आरडब्ल्यूए, अपार्टमेंट ऑनर एसोसिएशन और सामुदायिक केंद्रों के नोटिस बोर्ड पर जागरूकता संबंधी पंफलेट लगाने के निर्देश दिए। इसके अलावा स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और बल्क वेस्ट जनरेटरों के बीच एनजीओ के माध्यम से अभियान चलाया जाएगा।
डॉ. बलकार सिंह ने हॉर्टिकल्चर वेस्ट (Horticulture Waste) को जलाने के बजाय उससे वर्मी कंपोस्ट तैयार करने पर जोर दिया। साथ ही, उन्होंने कहा कि हॉर्टिकल्चर या अन्य कचरे में आग लगाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सर्दियों में लकड़ी के अलाव की जगह इलेक्ट्रिक हीटर (Electric Heater) के इस्तेमाल और ई-चार्जिंग स्टेशनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
सीईओ ने स्पष्ट किया कि वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए सीएक्यूएम के निर्देशों का पालन केवल सर्दियों में नहीं, बल्कि पूरे साल करना जरूरी है। बैठक में एसीईओ प्रेरणा सिंह, सुमित यादव, नुपुर गोयल, महाप्रबंधक एके सिंह, उप महाप्रबंधक विजय रावल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें: अखिलेश पर बरसे आकाश आनंद, कहा- दलित समाज से मांगें माफी