Uttar Pradesh News: ग्रेटर नोएडा में अवैध कब्जों और बिना अनुमति विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ प्राधिकरण ने सख्त रुख अपना लिया है। बता दें इस क्रम में आज शुक्रवार को बिसरख के डूब क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की गई। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की टीम ने अवैध निर्माण को ध्वस्त कर करीब 12 हजार वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण मुक्त करा लिया। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से प्लॉटिंग करने के लिए बनाई जा रही बाउंड्रीवाल को भी गिरा दिया गया।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. बलकार सिंह के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। प्राधिकरण को जानकारी मिली थी कि कुछ कालोनाइजर बिसरख के डूब क्षेत्र में जमीन पर कब्जा कर अवैध कॉलोनी विकसित करने की कोशिश कर रहे हैं। इसके लिए जमीन के चारों तरफ बाउंड्री बनाकर प्लॉटिंग की तैयारी की जा रही थी। शुक्रवार को प्राधिकरण के वर्क सर्किल-3 की टीम ने मौके पर पहुंचकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। इस दौरान खसरा संख्या 341 और 357 की जमीन पर किए गए अवैध निर्माण को बुलडोजर से ढहा दिया गया। अभियान के तहत लगभग 12 हजार वर्ग मीटर जमीन को कब्जे से मुक्त कराया गया।
जानकारी के लिए बता दें इस कार्रवाई में वर्क सर्किल-3 के वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर, प्रबंधक प्रशांत समाधिया और अन्य कर्मचारी शामिल रहे। प्राधिकरण की टीम ने अवैध कॉलोनी विकसित करने वाले कालोनाइजरों को चेतावनी दी कि दोबारा निर्माण या कब्जे की कोशिश करने पर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने कहा कि प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति किसी भी तरह का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से उसकी पूरी जानकारी जरूर प्राप्त करें। अवैध कॉलोनियों में निवेश करने से बचें, ताकि उनकी मेहनत की कमाई जोखिम में न पड़े। प्राधिकरण के सीईओ डॉ. बलकार सिंह ने भी अधिकारियों को अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
ये भी पढ़ें: यूपी चुनाव 2027 की तैयारी तेज, कुशीनगर पहुंचे पंकज चौधरी