Uttar Pradesh News: भारत की जनगणना-2027 (Census 2027) को लेकर गौतमबुद्धनगर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिले में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक चल रहे स्व-गणना कार्यक्रम की प्रगति को लेकर जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। एनआईसी सभागार में हुई इस बैठक में कई विभागों के अधिकारियों और संबंधित चार्ज अधिकारियों को जनगणना कार्य में तेजी लाने के आदेश दिए गए।
जानकारी के लिए बता दें बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसमें सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ आम नागरिकों की भागीदारी भी बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी विभागों के कार्यालय अध्यक्षों को निर्देश दिए कि अपने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों की शत-प्रतिशत स्व-गणना सुनिश्चित कराएं।
दरसअल, समीक्षा बैठक के दौरान जनगणना कार्य में लगाए गए अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी की स्थिति पर भी चर्चा हुई। प्रमुख जनगणना अधिकारी ने आदेश दिए कि सभी कर्मचारियों की ड्यूटी समय से सुनिश्चित की जाए। जिन कर्मचारियों ने अभी तक जनगणना के लिए निर्धारित पोर्टल पर लॉगिन नहीं किया है, वे तत्काल यह प्रक्रिया पूरी करें। इससे जनगणना से जुड़े कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जा सकेगा। उन्होंने सभी विभागों को अपने यहां स्व-गणना की नियमित समीक्षा करने और कर्मचारियों को इसके लिए प्रोत्साहित करने को कहा।
प्रशासन अब स्व-गणना कार्यक्रम को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाएगा। इसके तहत हाईराइज सोसाइटियों की आरडब्ल्यूए और एओए, श्रमिक संगठनों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा व्यापारिक संगठनों का सहयोग लिया जाएगा। इन संगठनों के माध्यम से लोगों को स्व-गणना की प्रक्रिया और इसके महत्व के बारे में जानकारी दी जाएगी। प्रशासन का प्रयास है कि अधिक से अधिक परिवार निर्धारित समय के भीतर अपनी स्व-गणना पूरी कर सकें।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और प्रतिदिन कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करें।
बैठक में यमुना प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्ण सिंह, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुमित यादव, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह सहित नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यीडा के कई अधिकारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें: अखिलेश-राहुल पर केशव का तीखा प्रहार, कहा- 2047 तक नहीं बनेंगे पीएम