1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सोनभद्र में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने किया जनकल्याण योजनाओं के लाभों का वितरण, सोलर पैनल व आंगनबाड़ी सुदृढ़ीकरण पर जोर

सोनभद्र में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने किया जनकल्याण योजनाओं के लाभों का वितरण, सोलर पैनल व आंगनबाड़ी सुदृढ़ीकरण पर जोर

सोनभद्र में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने आंगनबाड़ी किट, आयुष्मान कार्ड, सोलर योजना प्रमाण पत्र वितरित किए और 100 बालिकाओं का निःशुल्क HPV टीकाकरण कराया।

By: Abhinav Tiwari  RNI News Network
Updated:
सोनभद्र में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने किया जनकल्याण योजनाओं के लाभों का वितरण, सोलर पैनल व आंगनबाड़ी सुदृढ़ीकरण पर जोर

प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति Anandiben Patel ने जनपद सोनभद्र के विकास भवन स्थित पंचायत रिसोर्स सेंटर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र और सहायता सामग्री का वितरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिक जिम्मेदारी है।

आंगनबाड़ी केंद्रों को मिले 200 किट, बच्चों के लिए बेहतर वातावरण

राज्यपाल ने 200 आंगनबाड़ी केंद्रों हेतु प्री-स्कूल आंगनबाड़ी किट का वितरण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों तक ऐसी किट पहुंचाई जाएं, जिससे बच्चों को बैठने, पढ़ने और सीखने के लिए उपयुक्त वातावरण मिल सके। प्रत्येक किट में कुर्सी, साइकिल सहित 22–23 प्रकार के शैक्षणिक व सहायक उपकरण शामिल हैं, जो बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होंगे।

100 बालिकाओं का निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण

कार्यक्रम के दौरान सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग की 100 बालिकाओं का निःशुल्क एचपीवी (HPV) टीकाकरण किया गया। राज्यपाल ने बताया कि यह अभियान उनकी प्रेरणा से प्रदेश सरकार और Serum Institute of India के बीच हुए एमओयू के तहत संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत प्रदेश के आठ आकांक्षी जनपदों में लगभग 1.5 लाख बालिकाओं को 3 लाख मुफ्त डोज उपलब्ध कराए जाएंगे।

लाभार्थियों को योजनाओं का सीधा लाभ

राज्यपाल ने विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थियों को सामग्री व सहायता प्रदान की, जिनमें प्रमुख रूप से- 200 पोषण पोटली (पोषण अभियान), 500 आयुष्मान कार्ड, 50 वनाधिकार पट्टा व 50 वनाधिकार खतौनी, 8 लाभार्थियों को मोटराइज्ड दोना मशीन, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, पीएम स्वनिधि योजना व मुख्यमंत्री आवास योजना के स्वीकृति पत्र, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के प्रमाण पत्र, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान के तहत डमी चेक, 59 निर्माण कामगारों को कन्या विवाह अनुदान शामिल हैं। इसके साथ ही दो दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल भी वितरित की गई।

खतौनी मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

राज्यपाल ने राजस्व विभाग को निर्देश दिए कि खतौनी से संबंधित मामलों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर और समय-सीमा में किया जाए। ग्राम स्तर पर चौपाल लगाकर भूमि विवादों का समाधान सुनिश्चित करने पर उन्होंने जोर दिया, ताकि लोगों को समय पर स्वामित्व अधिकार मिल सके और विवाद की संभावना समाप्त हो।

हर घर सोलर पैनल लगाने की अपील

राज्यपाल ने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की सराहना करते हुए कहा कि जनपद के प्रत्येक घर पर सोलर पैनल स्थापित कराए जाने की दिशा में प्रयास किए जाएं। उन्होंने जीरो पावर्टी योजना और श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ शिक्षा व स्वास्थ्य पर खर्च करने का आह्वान किया।

प्रदर्शनी का अवलोकन और किसानों से संवाद

कार्यक्रम के बाद राज्यपाल ने पंचायत रिसोर्स सेंटर में केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने किसानों से मोटे अनाज की खेती को लेकर संवाद किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बेसिक शिक्षा, खादी, रेशम, उद्योग, महिला कल्याण, एनआरएलएम, बाल विकास एवं पुष्टाहार, उद्यान और दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की प्रदर्शनियों की भी उन्होंने सराहना की।

वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति

इस अवसर पर राज्य मंत्री समाज कल्याण Sanjeev Kumar Gond, सदर विधायक भूपेश चौबे, घोरावल विधायक अनिल कुमार मौर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष राधिका पटेल, अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, जिलाधिकारी B N Singh, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...