1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गोरखपुर को 758 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

गोरखपुर को 758 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को गोरखपुर में करीब 758 करोड़ रुपये की 24 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें भटहट-बांसस्थान फोरलेन, सड़क और पर्यटन विकास परियोजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा वे आयुष विश्वविद्यालय का निरीक्षण करेंगे और रविवार को पौधरोपण अभियान में भाग लेंगे।

By: BS Yadav  RNI News Network
Updated:
गोरखपुर को 758 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को गोरखपुर दौरे के दौरान करीब 758 करोड़ रुपये की 24 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में सड़क निर्माण, पर्यटन विकास और बुनियादी ढांचे से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। कार्यक्रम पिपराइच विधानसभा क्षेत्र के बांसस्थान में आयोजित होगा, जहां मुख्यमंत्री जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

5 परियोजनाओं का लोकार्पण, 19 का होगा शिलान्यास

मुख्यमंत्री करीब 697 करोड़ रुपये की लागत से तैयार पांच सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। वहीं लगभग 60 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 19 नई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इन योजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र में बेहतर सड़क संपर्क और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना है।

भटहट-बांसस्थान फोरलेन बनेगा प्रमुख आकर्षण

लोकार्पित होने वाली परियोजनाओं में 11.6 किलोमीटर लंबा भटहट-बांसस्थान फोरलेन मार्ग सबसे अहम माना जा रहा है। इस सड़क के शुरू होने से स्थानीय लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही महायोगी गुरु गोरखनाथ राज्य आयुष विश्वविद्यालय तक पहुंच आसान होने से वहां आने वाले विद्यार्थियों और मरीजों को भी लाभ मिलेगा।

 

सड़क और पर्यटन विकास को मिलेगा बढ़ावा

शिलान्यास होने वाली परियोजनाओं में सड़क चौड़ीकरण, संपर्क मार्ग निर्माण, सीसी रोड, इंटरलॉकिंग, नाली निर्माण और ग्रामीण पर्यटन विकास से जुड़े कई कार्य शामिल हैं। इसके अलावा महादेव कुंड, समय माता मंदिर और औरंगाबाद गांव में पर्यटन सुविधाओं के विकास की योजनाओं की भी शुरुआत होगी।

आयुष विश्वविद्यालय का करेंगे निरीक्षण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दौरे के दौरान महायोगी गुरु गोरखनाथ राज्य आयुष विश्वविद्यालय का निरीक्षण करेंगे और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे। इस दौरान विश्वविद्यालय के पुरुष और महिला छात्रावास के लोकार्पण की भी संभावना है। यह विश्वविद्यालय मुख्यमंत्री के महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में शामिल है।

पौधरोपण महायज्ञ में भी होंगे शामिल

रविवार को मुख्यमंत्री गोरखपुर में आयोजित ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण करेंगे। प्रदेशव्यापी पौधरोपण महायज्ञ के दौरान वे लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील करेंगे। इस वर्ष प्रदेश सरकार ने 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

 

रिपोर्ट – अंकित श्रीवास्तव 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...