चंदौली जिले में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। वह सोनभद्र जाने के दौरान कुछ समय के लिए चंदौली पहुंचे थे, जहां कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ उनका अभिनंदन किया।
राम मंदिर से जुड़े मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले की जांच एसआईटी के माध्यम से की जा रही है और कानून के अनुसार दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के निशिकांत दुबे से जुड़े बयान पर भी पंकज चौधरी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई करने में विश्वास रखती है और किसी भी मामले में नियमों की अनदेखी नहीं की जाएगी।

ब्राह्मण समाज के भाजपा से दूरी बनाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। उन्होंने दावा किया कि ब्राह्मण समाज का समर्थन भाजपा के साथ पहले भी रहा है और आगे भी जारी रहेगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के चंदौली पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। स्वागत कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को आगे बढ़ाने का संकल्प जताया।