अयोध्या स्थित राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को रिमांड पर लिया है। पुलिस ने लवकुश मिश्र, अनुकल्प मिश्र और करुणेश पाण्डेय को जिला कारागार से अपनी हिरासत में लेकर पूछताछ की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
रिमांड पर लेने के बाद पुलिस टीम तीनों आरोपियों को पुलिस लाइन परिसर लेकर पहुंची, जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। इसके बाद जांच टीम मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर आरोपियों से पूछताछ करेगी।
पुलिस ने न्यायालय से तीनों आरोपियों की 7 दिन की रिमांड की मांग की थी। हालांकि, पुलिस टीम को करीब 40 घंटे तक पूछताछ करने की अनुमति मिली है। इस दौरान जांच अधिकारी मामले से जुड़े तथ्यों और अन्य जानकारियों को जुटाने का प्रयास करेंगे।

इस मामले में इससे पहले आरोपी अविनाश मिश्रा को 13 घंटे की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा चुकी है। पुलिस के अनुसार, अविनाश मिश्रा से पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं।
पुलिस अब अविनाश मिश्रा से मिली जानकारी के आधार पर लवकुश मिश्र, अनुकल्प मिश्र और करुणेश पाण्डेय से पूछताछ करेगी। जांच टीम मामले की कड़ियों को जोड़ने और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस लगातार जांच आगे बढ़ा रही है। रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित जानकारियों का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा।