1. हिन्दी समाचार
  2. अयोध्या
  3. संपूर्ण समाधान दिवस:अयोध्या डीएम ने सुनीं जनसमस्याएं, 750 शिकायतों में 85 का मौके पर निस्तारण

संपूर्ण समाधान दिवस:अयोध्या डीएम ने सुनीं जनसमस्याएं, 750 शिकायतों में 85 का मौके पर निस्तारण

अयोध्या : सदर तहसील में आयोजित समाधान दिवस में डीएम ने जनसमस्याएं सुनीं। 750 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें 85 का तुरंत निस्तारण किया गया। नाम शुद्धिकरण का भी तत्काल समाधान किया गया।

By: BS Yadav  RNI News Network
Updated:
संपूर्ण समाधान दिवस:अयोध्या डीएम ने सुनीं जनसमस्याएं, 750 शिकायतों में 85 का मौके पर निस्तारण

अयोध्या: तहसील सदर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में सदर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ गौरव ग्रोवर ने आमजन की समस्याएं सुनीं। समाधान दिवस में बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों ने आवास, चिकित्सा, भूमि विवाद, पेयजल, पेंशन, चकमार्ग तथा पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतें प्रस्तुत कीं।

जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में जांच की आवश्यकता हो, उनमें राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा पीड़ित पक्ष को त्वरित न्याय दिलाया जाए।

संपूर्ण समाधान दिवस के अंतर्गत जनपद की पांचों तहसीलों सदर, बीकापुर, सोहावल, रुदौली एवं मिल्कीपुर में कुल 750 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से 85 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इनमें सदर तहसील में प्राप्त 171 प्रकरणों में से 32, बीकापुर में 65 में से 12, सोहावल में 178 में से 10, रुदौली में 84 में से 11 तथा मिल्कीपुर में प्राप्त 252 प्रकरणों में से 20 शिकायतों का तत्काल समाधान कराया गया। जिलाधिकारी ने शेष प्रकरणों को एक हफ्ते के अंदर समाधान कराने का निर्देश संबंधित को दिया।

एक घंटे के भीतर खतौनी त्रुटि का कराया गया समाधान

संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान ग्राम पिलखांवा, विकासखंड पूरा बाजार निवासी श्री सूर्यभान पाण्डेय ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि उनकी खतौनी में उनके पिता के नाम में त्रुटिवश “टीडी” के स्थान पर “टीणी” अंकित हो गया है। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रकरण का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए। प्रशासनिक तत्परता के चलते लगभग एक घंटे के भीतर खतौनी में नाम संशोधन की प्रक्रिया पूर्ण कर संशोधित खतौनी शिकायतकर्ता को उपलब्ध करा दी गई।

इस अवसर पर आईपीएस (ट्रेनी) शुभम जैन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ देवेंद्र कुमार भिटौरिया, उप जिलाधिकारी अरविंद कुमार सहित तहसील प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...