1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सीएम योगी के जापान दौरे पर अखिलेश यादव का तंज, बोले- “क्योटो भी चले जाइएगा और…”

सीएम योगी के जापान दौरे पर अखिलेश यादव का तंज, बोले- “क्योटो भी चले जाइएगा और…”

सीएम योगी आदित्यनाथ के जापान दौरे पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव का तंज। काशी-क्योटो तुलना, 2027 चुनाव और मैग्लेव ट्रेन यात्रा पर भी टिप्पणी।

By: Abhinav Tiwari  RNI News Network
Updated:
सीएम योगी के जापान दौरे पर अखिलेश यादव का तंज, बोले- “क्योटो भी चले जाइएगा और…”

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जापान दौरे को लेकर तंज कसा है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि अगर जापान जा रहे हैं तो क्योटो भी जरूर जाएं, ताकि यह समझ आ सके कि काशी, क्योटो जैसा क्यों नहीं बन पाया।

“विरासत कैसे बिगड़ी, इसका भी अध्ययन कर आइए”

अखिलेश यादव ने लिखा कि जापान से विरासतों को बचाने और शहरों को आगे बढ़ाने का सकारात्मक सबक लेकर आइए। उन्होंने काशी और क्योटो की तुलना करते हुए तंज किया कि प्रधान संसदीय क्षेत्र होने के बावजूद काशी, क्योटो जैसी क्यों नहीं बन सकी या उसकी विरासत कैसे बिगड़ गई।

2027 चुनाव को लेकर भी साधा निशाना

सपा प्रमुख ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए लिखा कि अब “चला-चली की बेला” में मुख्यमंत्री अपने अंतिम वर्ष में जापान का अध्ययन कर लेंगे, लेकिन उससे कोई बड़ी योजना बन पाना मुश्किल है। उन्होंने इसे मुख्यमंत्री का “मनसुख-पर्यटन” बताते हुए कहा कि अगर वे इसे स्वीकार कर लें तो जाते-जाते कम से कम एक सच बोलने के लिए लोग उन्हें याद रखेंगे।

‘वनस्पति के विशेष अध्ययन’ पर भी टिप्पणी

कन्नौज सांसद अखिलेश यादव ने व्यंग्य करते हुए यह भी लिखा कि जापान दौरे में होने वाले “वनस्पति के विशेष अध्ययन” का लाभ क्या वे सिर्फ व्यक्तिगत रूप से उठाएंगे या अपने करीबी लोगों के साथ भी साझा करेंगे।

सीएम योगी का जापान और सिंगापुर दौरा

सरकारी बयान के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 फरवरी को सिंगापुर और जापान की यात्रा पर रवाना होंगे।

  • 23-24 फरवरी: सिंगापुर में निवेश से जुड़े कार्यक्रम और बैठकें

  • 25-26 फरवरी: जापान प्रवास, विभिन्न आधिकारिक कार्यक्रमों में भागीदारी

इस दौरान मुख्यमंत्री जापान की अत्याधुनिक मैग्लेव ट्रेन में यात्रा करेंगे। यह ट्रेन चुंबकीय शक्ति से पटरी के ऊपर हवा में तैरते हुए चलती है।

मैग्लेव ट्रेन में 100 किमी की परीक्षण यात्रा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जापान में मैग्लेव ट्रेन में 100 किलोमीटर की परीक्षण यात्रा करेंगे, जिसमें 50 किलोमीटर जाना और 50 किलोमीटर वापसी शामिल है। सरकार के अनुसार, यह यात्रा केवल तकनीकी जिज्ञासा नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश में आधुनिक परिवहन ढांचे के विस्तार की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...