बहराइच में NRHM घोटाले से जुड़े मामले में आरोपी मुकेश श्रीवास्तव की गिरफ्तारी के बाद अब जांच एजेंसियों ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में उनके भाई और नगर पंचायत पयागपुर अध्यक्ष बालेंद्र श्रीवास्तव के खिलाफ भी विजिलेंस टीम ने दबिश दी है।
सूत्रों के अनुसार, अयोध्या से पहुंची छह सदस्यीय विजिलेंस टीम ने बहराइच के पयागपुर क्षेत्र में बालेंद्र श्रीवास्तव के घर और कार्यालय पर छापेमारी की। टीम ने पूरे परिसर की तलाशी ली और उनसे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन वे मौके पर मौजूद नहीं मिले।
जानकारी के मुताबिक, विजिलेंस टीम ने बालेंद्र श्रीवास्तव को फोन पर संपर्क करने की कोशिश भी की, लेकिन उनका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। इसके बाद टीम ने काफी देर तक उनके ठिकानों पर तलाश और पूछताछ की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी।

बताया जा रहा है कि 10 जून को लखनऊ से NRHM घोटाले के आरोपी मुकेश श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया गया था। उसी मामले की आगे की जांच के तहत अब उनके नेटवर्क और रिश्तेदारों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।
छापेमारी और पूछताछ के बाद विजिलेंस टीम बिना किसी बड़ी सफलता के वापस लौट गई। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और आगे आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।