उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में एक जहरीले सांप के मिलने से लोगों में डर का माहौल बन गया। दुधवा टाइगर रिजर्व की पलिया वन रेंज के पटिहन रोड इलाके में मिले सांप को स्थानीय लोग पहले अजगर का बच्चा समझ रहे थे, लेकिन बाद में उसकी पहचान खतरनाक रसेल वाइपर के रूप में हुई।
जानकारी के अनुसार, पटिहन रोड स्थित एक दुकान के पास लोगों ने एक सांप देखा। आकार और बनावट देखकर वहां मौजूद लोगों को लगा कि यह अजगर का बच्चा है। हालांकि दुकानदार ओमराज ने सावधानी बरतते हुए सांप की तस्वीर खींची और उसकी पहचान करने की कोशिश की। ऑनलाइन जांच करने पर पता चला कि यह अजगर नहीं बल्कि बेहद जहरीला रसेल वाइपर सांप है।
सांप की जानकारी मिलते ही राम गोविंद रेस्क्यू टीम को सूचना दी गई। सूचना पर टीम के सदस्य राम गोविंद, रोहित और पंकज मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू टीम ने करीब दो घंटे की कड़ी मेहनत के बाद सांप को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया। इस दौरान टीम ने स्थानीय लोगों को सावधानी बरतने और जहरीले सांपों की पहचान को लेकर जागरूक भी किया।

रेस्क्यू के बाद रसेल वाइपर को सुरक्षित तरीके से दुधवा टाइगर रिजर्व के जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया। टीम ने लोगों को बताया कि अजगर के बच्चे और रसेल वाइपर में काफी अंतर होता है और किसी भी सांप को बिना पहचान के छूना खतरनाक हो सकता है।
स्थानीय लोगों की सतर्कता और रेस्क्यू टीम की तत्परता से एक संभावित हादसा टल गया। वन्यजीव क्षेत्रों के आसपास रहने वाले लोगों से अपील की गई है कि सांप दिखाई देने पर खुद पकड़ने का प्रयास न करें और विशेषज्ञों या रेस्क्यू टीम को सूचना दें।