थाईलैंड के पटाया में आयोजित U-15 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप 2026 में 85 किलोग्राम फ्री-स्टाइल वर्ग का स्वर्ण पदक जीतने वाले आजमगढ़ के युवा पहलवान विवेक चौहान का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। हरबंशपुर स्थित सर्वोदय पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें अंगवस्त्र और स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
ग्राम चंदौका निवासी विवेक चौहान ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर न केवल आजमगढ़ बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने खुशी जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
समारोह में विवेक के कोच एवं उपक्रीड़ा अधिकारी जयप्रकाश यादव को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता में उसके प्रशिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और विवेक की उपलब्धि में उनके कोच का योगदान सराहनीय है।

विवेक चौहान ने अपनी कुश्ती की शुरुआत आजमगढ़ के सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम से की थी। शुरुआती प्रशिक्षण के बाद वह वर्तमान में गोरखपुर के स्पोर्ट्स हॉस्टल में रहकर उच्च स्तरीय अभ्यास कर रहे हैं और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी में जुटे हैं।
सम्मान समारोह में वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर एशियाई स्तर पर स्वर्ण पदक जीतना विवेक की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उनकी सफलता जिले के अन्य खिलाड़ियों को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी और कुश्ती को नई पहचान दिलाएगी।