1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी में साथ आएंगे अखिलेश और राहुल, सीटों पर मंथन हुआ जारी

यूपी में साथ आएंगे अखिलेश और राहुल, सीटों पर मंथन हुआ जारी

यूपी चुनाव 2027 के लिए सपा और कांग्रेस ने साथ चुनाव लड़ने पर सहमति जताई है। दिल्ली में सीट बंटवारे पर पहली बैठक हुई, लेकिन सीटों की संख्या अभी तय नहीं हुई।

By: Aparna Panwar  RNI News Network
Updated:
यूपी में साथ आएंगे अखिलेश और राहुल, सीटों पर मंथन हुआ जारी

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 (Uttar Pradesh Assembly Election 2027) को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस ने अपनी चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिसमें दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर दिल्ली में पहले दौर की बैठक हुई। बैठक के बाद कांग्रेस नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने साफ किया कि सपा और कांग्रेस मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। हालांकि, अभी सीटों की संख्या को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। दोनों पार्टियां सीटों के तालमेल पर बातचीत आगे बढ़ा रही हैं।

दिल्ली में हुई सपा-कांग्रेस की अहम बैठक

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन की रणनीति पर चर्चा शुरू हो गई है। वहीं, आज सोमवार को कांग्रेस के राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर दोनों दलों के नेताओं की बैठक हुई। इसमें सीटों के बंटवारे और चुनावी रणनीति को लेकर बातचीत की गई।

बैठक में समाजवादी पार्टी की ओर से रामगोपाल यादव, इकरा चौधरी, राजीव राय और श्यामलाल पाल शामिल हुए। वहीं, कांग्रेस की तरफ से प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा और इमरान मसूद समेत कई नेता मौजूद रहे।

सीटों की संख्या पर अभी नहीं खुला पत्ता

बैठक के बाद कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कहा कि दोनों दलों के बीच मिलकर चुनाव लड़ने पर सहमति है। हालांकि, कितनी सीटों पर कौन-सी पार्टी चुनाव लड़ेगी, इस पर अभी फैसला नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि सीटों का बंटवारा करते समय जीत की संभावना को सबसे ज्यादा महत्व दिया जाएगा। जिस विधानसभा क्षेत्र में जिस पार्टी का उम्मीदवार मजबूत होगा, उसे प्राथमिकता मिल सकती है। कांग्रेस की ओर से 50 या 100 सीटों की मांग किए जाने के सवाल पर उन्होंने कोई संख्या बताने से इनकार कर दिया।

अगले दो दिनों तक जारी रहेगी बातचीत

आराधना मिश्रा ने बैठक के कम समय में खत्म होने पर कहा कि दोनों दलों के बीच आपसी विश्वास है। जब भरोसा होता है तो बातचीत में ज्यादा समय नहीं लगता। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियों का लक्ष्य 2027 में बीजेपी को हराकर प्रदेश में सरकार बनाना है। सीट शेयरिंग को लेकर मंगलवार और बुधवार को भी बैठकें प्रस्तावित हैं। इनमें सीटों के तालमेल के फॉर्मूले पर आगे चर्चा होगी।

दो तिहाई बहुमत से सरकार बनाने का दावा

कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस मिलकर दो तिहाई बहुमत से सरकार बनाएंगे। उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों दलों ने मिलकर बीजेपी को चुनौती दी थी। अब विधानसभा चुनाव में भी इसी एकजुटता के साथ मैदान में उतरने की तैयारी है। फिलहाल गठबंधन को लेकर सहमति बन गई है, लेकिन सीटों का गणित अभी बाकी है। आने वाली बैठकों में यह साफ हो सकता है कि दोनों पार्टियां कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेंगी।

ये भी पढ़ें: यूपी बनेगा GCC हब, चार कंपनियां करेंगी 1709 करोड़ का निवेश

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...