Uttar Pradesh News: कार्तिक पूर्णिमा स्नान मेले (Kartik Purnima Snan Mela) को देखते हुए अयोध्या में यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। बता दें श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए बस्ती-अयोध्या हाईवे पर आज 23 नवंबर की सुबह से 24 नवंबर को मेला समाप्त होने तक डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान भारी वाहनों, मालवाहक वाहनों और ट्रैक्टर-ट्रॉली के आवागमन पर रोक रहेगी। ऐसे में अयोध्या जाने या वहां से दूसरे जिलों की ओर जाने वाले वाहन चालकों को घर से निकलने से पहले नया ट्रैफिक प्लान जरूर जान लेना चाहिए।
प्रशासन के मुताबिक, कार्तिक पूर्णिमा पर सरयू नदी में स्नान के लिए दूसरे जिलों से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए अयोध्या यातायात पुलिस ने सुरक्षा और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए कई स्थानों पर बैरियर लगाकर वाहनों का रूट बदला है। हालांकि, रोडवेज बसों और चार पहिया वाहनों के आवागमन पर सामान्य रूप से रोक नहीं लगाई गई है। एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहनों को डायवर्जन से छूट दी गई है।
गोरखपुर और बस्ती से लखनऊ जाने वाले भारी वाहनों को कलवारी और टांडा मार्ग से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की तरफ भेजा जाएगा। फुटहिया-पटेल चौराहे से वाहनों को अकबरपुर और सुल्तानपुर होते हुए आगे भेजने की व्यवस्था की गई है। वहीं, लोलपुर से नवाबगंज और गोंडा के रास्ते भी लखनऊ की ओर वाहन जा सकेंगे। गोंडा और बस्ती से लखनऊ जाने वाले वाहन पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसी तरह लखनऊ और बाराबंकी से गोंडा-बस्ती जाने वाले वाहनों को भी पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जाने की सलाह दी गई है।
अयोध्या शहर में भी कई प्रमुख चौराहों पर यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे। लकड़मंडी चौराहे से पुराने सरयू पुल की ओर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। साकेत फ्लाईओवर के नीचे, साकेत पेट्रोल पंप और हनुमान गुफा चौराहे से नयाघाट और लता मंगेशकर चौक की ओर वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी।
रामघाट, विद्याकुंड, कनीगंज, रायगंज मोड़ और टेढ़ी बाजार चौराहे पर भी रूट डायवर्जन लागू रहेगा। उदया चौराहे से टेढ़ी बाजार की तरफ जाने वाले चार पहिया वाहनों को उदया फ्लाईओवर से भेजा जाएगा। रानोपाली और चूड़ामणि चौराहे पर भी वाहनों के लिए वैकल्पिक रास्ते तय किए गए हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए फटिकशिला आश्रम, बहराइच भवन, साकेत पुल, बैकुंठ धाम, बालूघाट, रामघाट और गैस गोदाम के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है। टेढ़ी बाजार के पास अरुंधती मल्टीलेवल पार्किंग-1 और 2 के अलावा रामपथ और महोबरा रोड पर भी पार्किंग की सुविधा मिलेगी।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें। ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें, ताकि कार्तिक पूर्णिमा मेले के दौरान किसी को परेशानी न हो।
ये भी पढ़ें: प्रयागराज में माघ मेला 2027 की तैयारियां हुई शुरू, भूमि पूजन हुआ संपन्न