1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी चुनाव के लिए बसपा का नया दांव, सर्वसमाज पर नजर

यूपी चुनाव के लिए बसपा का नया दांव, सर्वसमाज पर नजर

बसपा यूपी विधानसभा चुनाव 2027 (UP Assembly Election 2027) में सर्वसमाज के फॉर्मूले से वापसी की तैयारी कर रही है। बता दें छह दिसंबर को लखनऊ में शक्ति प्रदर्शन होगा। आकाश आनंद ने नौ प्रत्याशी घोषित किए।

By: Aparna Panwar  RNI News Network
Updated:
यूपी चुनाव के लिए बसपा का नया दांव, सर्वसमाज पर नजर

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव (Upcoming Assembly Elections in Uttar Pradesh) को लेकर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने अपनी राजनीतिक तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी अब सर्वसमाज के फॉर्मूले के सहारे चुनावी मैदान में मजबूत वापसी की रणनीति बना रही है। इसके तहत बसपा सभी जातियों और वर्गों को साथ लेकर चलने की कोशिश कर रही है। खासतौर पर ब्राह्मण, मुस्लिम और अन्य सामाजिक वर्गों को पार्टी से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। इसी रणनीति के तहत बसपा छह दिसंबर को डॉ. भीमराव आंबेडकर की पुण्यतिथि पर लखनऊ में बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने की तैयारी में है।

छह दिसंबर को लखनऊ में जुटेंगे बसपा कार्यकर्ता

जानकारी के लिए बता दें बसपा छह दिसंबर को लखनऊ में डॉ. भीमराव आंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर कार्यक्रम आयोजित करेगी। इस आयोजन के जरिए पार्टी अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने के साथ कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरने की कोशिश करेगी। माना जा रहा है कि इस कार्यक्रम के माध्यम से पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपना संदेश भी देगी।

आकाश आनंद ने घोषित किए नौ प्रत्याशी

बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने हाल ही में अयोध्या के बीकापुर क्षेत्र में आयोजित जनसभा के दौरान नौ विधानसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों के नाम घोषित किए थे। इनमें बीकापुर से जितेंद्र सिंह बब्लू, कटेहरी से मारुति मिश्रा, आलापुर से केडी गौतम, अकबरपुर से मनोज कुमार वर्मा और जलालपुर से दयाराम राजभर को जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा जयसिंहपुर से मधुलता वर्मा, बाराबंकी सदर से मोहम्मद मुव्वसिर, लंभुआ से शैलेंद्र कुमार सिंह और सुल्तानपुर से मोहम्मद इम्तियाज अहमद को प्रत्याशी घोषित किया गया है। इन नामों के जरिए पार्टी ने अलग-अलग सामाजिक वर्गों को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश की है।

पिछले चुनाव के नतीजों पर बसपा की नजर

बसपा अपनी चुनावी रणनीति तैयार करने के लिए 2022 के विधानसभा चुनाव के नतीजों को भी आधार बना रही है। बीकापुर सीट पर भाजपा ने 44.34 प्रतिशत वोट हासिल कर जीत दर्ज की थी, जबकि सपा को 42.04 प्रतिशत वोट मिले थे। बसपा यहां 8.84 प्रतिशत वोट के साथ तीसरे स्थान पर रही थी। कटेहरी और जलालपुर में बसपा दूसरे स्थान पर रही थी, जबकि आलापुर, अकबरपुर और लंभुआ में पार्टी तीसरे नंबर पर थी। बाराबंकी सदर में भी बसपा को 15.96 प्रतिशत वोट मिले थे।

100 से ज्यादा सीटों पर तैयारी

पार्टी अब तक 100 से अधिक विधानसभा सीटों पर विधानसभा प्रभारी या संभावित प्रत्याशियों के नाम तय कर चुकी है। वर्ष 2022 के चुनाव में बसपा को केवल 12.88 प्रतिशत वोट मिले थे और पार्टी सिर्फ एक सीट जीत सकी थी।

ऐसे में बसपा इस बार अपनी पुरानी राजनीतिक जमीन वापस पाने के लिए सर्वसमाज की रणनीति पर काम कर रही है। हालांकि, अन्य राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों की घोषणा के बाद ही कई सीटों पर मुकाबले की वास्तविक तस्वीर साफ होगी।

ये भी पढ़ें: अयोध्या-जनकपुर ट्रेन आज से होगी शुरू, मोदी-योगी दिखाएंगे हरी झंडी

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...