श्रावस्ती। जिले के नवागत जिलाधिकारी मनोज कुमार राय ने महिला जनसुनवाई कार्यक्रम ‘मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद’ में महिलाओं की समस्याएं सुनीं। इस दौरान रिश्वत मांगने की शिकायत सामने आने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और संबंधित लेखपाल के खिलाफ तत्काल जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम जमुनहा को फोन कर मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। डीएम ने स्पष्ट किया कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जनसुनवाई के दौरान एक महिला ने लेखपाल पर काम के बदले रिश्वत मांगने का आरोप लगाया। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल एसडीएम जमुनहा से बात की और पूरे मामले की जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यों में रिश्वतखोरी और लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
‘मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद’ के दौरान जमीन पर अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायत भी जिलाधिकारी के सामने रखी गई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को मामले को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई करने और पीड़ित को न्याय दिलाने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में एक निराश्रित महिला ने अपने बेटे की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद आर्थिक सहायता की मांग रखी। महिला ने जिलाधिकारी से कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत लाभ दिलाने की गुहार लगाई। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को महिला के प्रकरण की जांच कर नियमानुसार योजना का लाभ दिलाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
महिला जनसुनवाई के दौरान कुल 11 शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने सभी मामलों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का समाधान केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि जरूरत पड़ने पर मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच की जाए।
जिलाधिकारी मनोज कुमार राय ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और उनका वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने रिश्वतखोरी के मामलों में सख्त रुख अपनाने की बात कही।
डीएम ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे पीड़ितों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगवाएं और निर्धारित समय में शिकायतों का समाधान करें। महिला जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी की ओर से दिए गए इन निर्देशों के बाद अब संबंधित शिकायतों की जांच और उनके निस्तारण पर नजर रहेगी।