आजमगढ़ में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। एआरटीओ अतुल कुमार यादव के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी करने वालों में हड़कंप की स्थिति रही।
एआरटीओ अतुल कुमार यादव ने प्रवर्तन दल और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर सख्ती से कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए प्रत्येक वाहन चालक को यातायात नियमों का जिम्मेदारी से पालन करना चाहिए।
विशेष अभियान के दौरान कुल 100 वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। इसमें हेलमेट नहीं पहनने, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने और गलत दिशा में वाहन चलाने जैसे मामलों में कार्रवाई शामिल रही।

अभियान के दौरान:
हेलमेट नहीं पहनने पर 23 चालान किए गए।
वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने पर 9 चालान हुए।
सीट बेल्ट नहीं लगाने पर 42 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
रॉन्ग साइड वाहन चलाने पर 18 चालान किए गए।
2 स्कूल वाहनों के खिलाफ चालान और सीजर की कार्रवाई की गई।
6 ई-रिक्शा पर चालान और जब्ती की कार्रवाई की गई।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
एआरटीओ अतुल कुमार यादव ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन से दूरी बनाए रखें और यातायात नियमों का पालन करें।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनहित और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नियमित रूप से विशेष अभियान चलाए जाएंगे। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।