1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. नोएडा में मोबाइल स्नेचिंग करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 17 मोबाइल और चोरी की बाइक बरामद

नोएडा में मोबाइल स्नेचिंग करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 17 मोबाइल और चोरी की बाइक बरामद

नोएडा के सेक्टर-58 थाना पुलिस ने मोबाइल स्नेचिंग के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 17 मोबाइल फोन, चोरी की बाइक, 1,500 रुपये नकद और एक अवैध चाकू बरामद हुआ है।

By: Nivedita  RNI News Network
Updated:
नोएडा में मोबाइल स्नेचिंग करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 17 मोबाइल और चोरी की बाइक बरामद

नोएडा।  गौतमबुद्धनगर के थाना सेक्टर-58 पुलिस ने मोबाइल चोरी और छिनैती की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के 17 मोबाइल फोन, 1,500 रुपये नकद, चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और एक अवैध चाकू बरामद किया है। दोनों आरोपियों को 30 अक्टूबर 2026 को सेक्टर-58 स्थित जुबिलेंट पार्क के पास से पकड़ा गया।

सर्विलांस की मदद से पुलिस ने की गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार, मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चतुरानन्द पाण्डेय उर्फ रोनी और जतिन सिंह के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि दोनों चोरी की बाइक से राह चलते लोगों को निशाना बनाकर मोबाइल फोन छीनते और चोरी करते थे।

आईफोन-15 और सैमसंग S26 स्नेचिंग की बात कबूली

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने 5 अक्टूबर 2026 को सेक्टर-56 से आईफोन-15 और सेक्टर-62 से सैमसंग गैलेक्सी S26 मोबाइल फोन छीनने की बात स्वीकार की। इन घटनाओं को लेकर थाना सेक्टर-58 में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, बरामद किए गए 17 मोबाइल फोन दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग इलाकों से चोरी और स्नेचिंग किए गए थे। आरोपी इन मोबाइलों को बेचकर मिलने वाली रकम आपस में बांट लेते थे और निजी खर्चों में इस्तेमाल करते थे।

 

 

चोरी की बाइक हरियाणा के पानीपत से संबंधित

पुलिस ने आरोपियों के पास से बरामद स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है। जांच में यह बाइक हरियाणा के पानीपत में दर्ज एक मुकदमे से संबंधित पाई गई है। इसके अलावा जतिन सिंह के कब्जे से एक अवैध चाकू भी बरामद हुआ है।

दोनों आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस के अनुसार, चतुरानन्द पाण्डेय उर्फ रोनी मूल रूप से गोरखपुर का रहने वाला है और वर्तमान में सेक्टर-55 में रह रहा था। वहीं, दूसरा आरोपी जतिन सिंह गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी का निवासी है। दोनों के खिलाफ पहले भी चोरी, मोबाइल स्नेचिंग, आबकारी और एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और बरामद मोबाइल फोन से जुड़ी अन्य घटनाओं की भी जांच की जा रही है।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...