1. हिन्दी समाचार
  2. Development
  3. नोएडा सेक्टर-164 की सड़क होगी सुरक्षित और सुगम, 3.42 करोड़ से बनेगी सर्विस लेन और सेंट्रल वर्ज

नोएडा सेक्टर-164 की सड़क होगी सुरक्षित और सुगम, 3.42 करोड़ से बनेगी सर्विस लेन और सेंट्रल वर्ज

नोएडा सेक्टर-163 और 164 के बीच 45 मीटर चौड़ी सड़क पर 3.42 करोड़ रुपये की लागत से सर्विस लेन और सेंट्रल वर्ज बनाया जाएगा। परियोजना 6 महीने में पूरी होने की उम्मीद है।

By: BS Yadav  RNI News Network
Updated:
नोएडा सेक्टर-164 की सड़क होगी सुरक्षित और सुगम, 3.42 करोड़ से बनेगी सर्विस लेन और सेंट्रल वर्ज

नोएडा। सेक्टर-164 में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ अब सड़क सुरक्षा और कनेक्टिविटी को भी बेहतर किया जाएगा। नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर-163 और 164 के बीच बनी 45 मीटर चौड़ी सड़क पर सर्विस लेन और सेंट्रल वर्ज बनाने का फैसला लिया है। इस परियोजना पर करीब 3 करोड़ 42 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

सेक्टर-164 को नोएडा प्राधिकरण एक प्रमुख औद्योगिक सेक्टर के रूप में विकसित कर रहा है। यहां कुल 72 औद्योगिक भूखंड नियोजित किए गए हैं। सेक्टर को बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए सेक्टर-163 और 164 के बीच 45 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण पहले ही पूरा किया जा चुका है।

डिवाइडर नहीं होने से बढ़ रहा था हादसे का खतरा

सड़क निर्माण के बाद यहां एक बड़ी समस्या सामने आ रही थी। सड़क के बीच सेंट्रल वर्ज यानी डिवाइडर नहीं होने के कारण वाहन एक लेन से दूसरी लेन में अनियंत्रित तरीके से आ-जा रहे थे। इससे सड़क हादसों का खतरा बना हुआ था।स्थानीय औद्योगिक संस्थानों की मांग और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने इस मार्ग पर सर्विस लेन और सेंट्रल वर्ज बनाने के निर्देश दिए हैं।

3.42 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत

प्राधिकरण की ओर से परियोजना के लिए 342.40 लाख रुपये यानी करीब 3 करोड़ 42 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है।योजना के तहत सड़क के दोनों ओर 3.50 मीटर चौड़ी सर्विस लेन बनाई जाएगी। वहीं, सड़क के बीच 90 सेंटीमीटर ऊंचा सेंट्रल वर्ज तैयार किया जाएगा। इससे वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित होगी और गलत दिशा में वाहनों के आने-जाने की संभावना कम होगी।

6 महीने में पूरा होगा काम

परियोजना की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और काम अवार्ड भी किया जा चुका है। प्राधिकरण के मुताबिक निर्माण कार्य को करीब 6 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।परियोजना पूरी होने के बाद सेक्टर-163 और 164 के बीच यातायात व्यवस्था ज्यादा सुरक्षित और सुगम होने की उम्मीद है। इसका सीधा फायदा यहां आने-जाने वाले उद्यमियों, कर्मचारियों और कामगारों को मिलेगा।नोएडा प्राधिकरण की यह पहल औद्योगिक क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी के साथ-साथ सड़क सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...