1. हिन्दी समाचार
  2. अयोध्या
  3. 23 जून को रामजन्मभूमि परिसर के शेषावतार मंदिर पर होगा धर्म ध्वजा आरोहण, दोनों डिप्टी CM होंगे शामिल

23 जून को रामजन्मभूमि परिसर के शेषावतार मंदिर पर होगा धर्म ध्वजा आरोहण, दोनों डिप्टी CM होंगे शामिल

अयोध्या के रामजन्मभूमि परिसर स्थित शेषावतार लक्ष्मण मंदिर में 23 जून को धर्म ध्वजा आरोहण कार्यक्रम होगा। समारोह में दोनों उपमुख्यमंत्री समेत करीब 1000 अतिथि शामिल होंगे।

By: BS Yadav  RNI News Network
Updated:
23 जून को रामजन्मभूमि परिसर के शेषावतार मंदिर पर होगा धर्म ध्वजा आरोहण, दोनों डिप्टी CM होंगे शामिल

अयोध्या: रामजन्मभूमि परिसर स्थित शेषावतार मंदिर में आगामी 23 जून को धर्म ध्वजा का भव्य आरोहण किया जाएगा। इस विशेष आयोजन को लेकर श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम में प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य को भी आमंत्रित किया गया है।

ट्रस्ट के अनुसार, देशभर से संत-धर्माचार्य, धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि और विभिन्न सामाजिक वर्गों से जुड़े करीब एक हजार अतिथि समारोह में शामिल होंगे। फिलहाल ट्रस्ट का ध्यान 29 मई को प्रस्तावित मां दुर्गा मंदिर के ध्वजारोहण कार्यक्रम पर केंद्रित है, इसलिए अतिथियों की अंतिम सूची और विस्तृत रूपरेखा पर अभी चर्चा जारी है।

रामजन्मभूमि परिसर के पूरक मंदिरों पर ध्वजारोहण कार्यक्रमों को ट्रस्ट विशेष स्वरूप दे रहा है। परकोटे के पांच पूरक मंदिरों पर पहले ही धर्म ध्वजा फहराई जा चुकी है। अब छठे पूरक मंदिर मां दुर्गा मंदिर पर 29 मई को ध्वजारोहण होगा, जिसे साध्वी ऋतंभरा संपन्न करेंगी। इस कार्यक्रम में दुर्गा वाहिनी समेत विभिन्न महिला संगठनों की करीब दो हजार महिलाओं को आमंत्रित किया गया है।

इसके बाद 23 जून को शेषावतार लक्ष्मण मंदिर पर धर्म ध्वजा फहराई जाएगी। यह रामजन्मभूमि परिसर का अंतिम पूरक मंदिर है और इसी के साथ पूरक मंदिरों के ध्वजारोहण कार्यक्रमों का क्रम पूर्ण हो जाएगा।

गौरतलब है कि राम मंदिर के दक्षिण-पश्चिम दिशा में स्थित शेषावतार मंदिर में भगवान लक्ष्मण की प्रतिमा की स्थापना पिछले वर्ष 5 जून को अन्य पूरक मंदिरों के साथ की गई थी। ट्रस्ट ने 13 अप्रैल से श्रद्धालुओं के लिए इस मंदिर के दर्शन भी शुरू करा दिए हैं।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...