मुजफ्फरनगर के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित रोहाना चौकी पर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार देर शाम धरना प्रदर्शन किया। संगठन के पदाधिकारी पीड़ित परिवार के साथ चौकी पहुंचे और आरोप लगाया कि गांव मलीरा में हुई मारपीट की घटना के बावजूद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की।
धरने में शामिल पीड़ित महिला ने बताया कि दो दिन पहले गांव के कुछ लोगों ने उनके और उनके बच्चों के साथ मारपीट की थी। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस और यूपी-112 को दी गई थी, लेकिन आरोप है कि कार्रवाई नहीं हुई। महिला का कहना है कि पुलिस एक आरोपी को चौकी लेकर आई, लेकिन कुछ समय बाद उसे छोड़ दिया गया, जिसके बाद उसने दोबारा गांव में जाकर विवाद और अभद्रता की।

भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के कार्यकर्ता ब्लॉक अध्यक्ष अंकित चौधरी के नेतृत्व में धरने पर बैठे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने चौकी परिसर में भोजन की व्यवस्था भी शुरू कर दी।
धरना जारी रहने के दौरान पुलिस और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।