ग्रेटर नोएडा। गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्राधिकरण के अधिकारियों और कर्मचारियों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान दोनों महापुरुषों के जीवन, संघर्ष और आदर्शों पर चर्चा की गई। अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके बताए सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि गांधी और शास्त्री के विचार आज भी समाज और राष्ट्र के लिए मार्गदर्शक हैं।
एसीईओ सुमित यादव ने महात्मा गांधी के विचारों को याद करते हुए कहा कि उनके सिद्धांत आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान गांधी जी ने देशवासियों को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचारों को केवल जानना या पढ़ना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके सिद्धांतों को व्यवहार में उतारना भी जरूरी है।

ओएसडी अभिषेक पाठक ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन मूल्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं का जीवन सादगी, सत्य, कर्तव्यनिष्ठा और देशसेवा की प्रेरणा देता है।उन्होंने कहा कि उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना सभी का दायित्व है।
कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। अन्य वक्ताओं ने भी गांधी और शास्त्री के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम का संचालन ओएसडी अर्चना द्विवेदी ने किया। इस दौरान ओएसडी मुकेश कुमार सिंह, ओएसडी लवगीत कौर, ओएसडी अजय शर्मा, पीजीएम संदीप चंद्रा, डीजीएम वित्त सुधीर कुमार गंगवार, वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार गौतम, वरिष्ठ प्रबंधक अजित भाई पटेल सहित प्राधिकरण के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।