1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. नेपाल से अयोध्या पहुंचे 51 मेहमान, रामलला को चढ़ाएंगे तिलक

नेपाल से अयोध्या पहुंचे 51 मेहमान, रामलला को चढ़ाएंगे तिलक

नेपाल के जनकपुर से 51 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल रामलला को पारंपरिक तिलक चढ़ाने अयोध्या पहुंचा। 14 दिसंबर को जनकपुर में मनाई जाएगी विवाह पंचमी।

By: Aparna Panwar  RNI News Network
Updated:
नेपाल से अयोध्या पहुंचे 51 मेहमान, रामलला को चढ़ाएंगे तिलक

Uttar Pradesh News: भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए नेपाल के जनकपुर से 51 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल रविवार सुबह अयोध्या पहुंचा। बता दें यह दल रामलला को पारंपरिक तिलक चढ़ाने और विवाह का निमंत्रण देने के लिए आया है। प्रतिनिधिमंडल के साथ सोने-चांदी के आभूषण, फल, मिठाइयां, सूखे मेवे और कपड़े भी लाए गए हैं। अयोध्या पहुंचने पर मेहमानों का फूल बरसाकर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान जय श्रीराम के नारों से रेलवे स्टेशन गूंज उठा।

सरयू-कमला एक्सप्रेस से पहुंचे जनकपुर के मेहमान

नेपाल के जनकपुर से आया यह प्रतिनिधिमंडल सरयू-कमला एक्सप्रेस से अयोध्या पहुंचा। ट्रेन शनिवार दोपहर दो बजे जनकपुर से रवाना हुई थी। 51 सदस्यीय दल में दो महिलाएं भी शामिल हैं। इसके अलावा भगवान श्रीराम को तिलक चढ़ाने के लिए करीब 55 तिलकहरू भी जनकपुर से आए हैं।

प्रतिनिधिमंडल में जनकपुर के महापौर मनोज कुमार साह, जानकी मंदिर के महंत राम तापेश्वर दास वैष्णव और नेपाल विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय सदस्य मनोहर शाह समेत कई प्रमुख लोग शामिल हैं। रेलवे स्टेशन पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने फूल बरसाकर मेहमानों का स्वागत किया।

कारसेवकपुरम में होगा पारंपरिक तिलक समारोह

जनकपुर से आए मेहमानों के लिए कारसेवकपुरम में पारंपरिक तिलक समारोह आयोजित किया जाएगा। वहीं, इस दौरान रामलला को सोने-चांदी के आभूषण, फल, मिठाइयां, सूखे मेवे और पारंपरिक कपड़े भेंट किए जाएंगे। विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी और सीता-राम विवाह उत्सव के संयोजक राजेंद्र सिंह पंकज ने बताया कि यह आयोजन अयोध्या और जनकपुर के सदियों पुराने पारिवारिक और सांस्कृतिक रिश्तों का प्रतीक है। जिसमें उन्होंने कहा कि जनकपुर के लोग उनके परिवार का हिस्सा हैं। इसलिए मेहमानों के स्वागत और ठहरने की विशेष व्यवस्था की गई है।

14 दिसंबर को मनाई जाएगी विवाह पंचमी

तिलक समारोह के बाद प्रतीकात्मक राम बारात 10 या 11 दिसंबर को जनकपुर के लिए रवाना होगी। वहां 12, 13 और 14 दिसंबर को विवाह से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 14 दिसंबर को विवाह पंचमी के अवसर पर सीता-राम विवाह का उत्सव मनाया जाएगा। इसके बाद राम बारात वापस अयोध्या लौटेगी।

जनकपुर के महापौर मनोज कुमार साह ने सीधी ट्रेन सेवा शुरू होने पर खुशी जताई। उन्होंने भारत और नेपाल की सरकारों का आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि पहले सड़क मार्ग से आने पर टोल का खर्च अधिक होता था, जबकि ट्रेन से यात्रा आसान और किफायती हो गई है। यह यात्रा भारत-नेपाल के धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने का माध्यम बन रही है।

ये भी पढ़ें: नितिन नबीन से मिले मोहम्मद शमी, बीजेपी में एंट्री की अटकलें हुए तेज

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...