बलिया : पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मामले के मुख्य आरोपी राज सिंह को अयोध्या से गिरफ्तार कर लिया गया है। राज सिंह उत्तर प्रदेश के बलिया जिले का निवासी बताया जा रहा है। उसके साथ दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है, जो बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, पुलिस लंबे समय से आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर SIT ने अयोध्या में दबिश देकर राज सिंह को हिरासत में लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े कई अहम खुलासों की संभावना जताई जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी राज सिंह का परिवार बलिया जिले के रसड़ा क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। उसके पिता की कुछ वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है, जबकि उसकी मां रसड़ा स्थित पोस्ट ऑफिस में कार्यरत हैं। परिवार में उसका एक बड़ा भाई भी है, जो फिलहाल फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
बताया जा रहा है कि राज सिंह सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहा है और वह “क्षत्रिय महासभा उत्तर प्रदेश” का महासचिव बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस फिलहाल मामले के हर पहलू की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हत्या के पीछे व्यक्तिगत रंजिश, राजनीतिक कारण या कोई अन्य साजिश तो नहीं थी।
SIT टीम अब गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड लेने की तैयारी कर रही है, ताकि हत्याकांड की पूरी साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा सके। इस हाई-प्रोफाइल मामले को लेकर सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं।